राजस्थान में रात के तापमान में गिरावट से बढ़ी ठिठुरन

ram

जयपुर। राजस्थान में उत्तरी हवाओं का असर दिखाई देने लगा है। सर्द हवाओं के तेज होने से प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, टोंक, पिलानी और सीकर सहित कई इलाकों में सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है।

उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में हल्की शीतलहर का दौर भी शुरू हो गया है।

नागौर, सीकर, अलवर और अजमेर सहित आसपास के क्षेत्रों में सर्द हवाओं का असर अधिक महसूस किया गया। शाम ढलते ही तापमान तेजी से नीचे आने से लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय भी ठंडी हवाओं के कारण सड़कों और खुले स्थानों पर सर्दी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है।

शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी ने अपना असर और तेज कर दिया है।

सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जिससे यह लगातार दूसरे दिन प्रदेश के सबसे ठंडे क्षेत्रों में शामिल रहा। रात में तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंचने के कारण यहां हल्की शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान पूरी तरह साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। तेज धूप के कारण दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई और दोपहर के समय लोगों को हल्की गर्मी का अहसास भी हुआ, लेकिन सूर्य ढलने के साथ ही तापमान तेजी से गिरने लगा। शाम और रात में ठंडी हवाओं ने सर्दी को और बढ़ा दिया।

राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में फिलहाल सर्दी का असर अपेक्षाकृत कम है। बाड़मेर में मंगलवार को दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इसके विपरीत शेखावाटी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के क्षेत्रों में रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

सुबह और शाम सर्दी का असर तेज रहेगा, जबकि दिन में खिली धूप लोगों को ठंड से राहत देती रहेगी। उत्तरी हवाओं का प्रभाव बना रहने से रात के तापमान में हल्की गिरावट या इसी स्तर पर बने रहने की संभावना है।

किशनगढ़-अजमेर क्षेत्र में भी आने वाले दिनों में सुबह और शाम ठंड बढ़ने के आसार हैं। दिन में धूप के कारण मौसम सुहावना रह सकता है, लेकिन रात में खुले इलाकों में ठंडी हवाओं का असर अधिक महसूस होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *