उप्र में सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया, 100 से 140 सीटों पर अड़ी कांग्रेस

ram

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर कवायद शुरू हो गयी है। सपा ने शुरुआती बातचीत में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है और इनकी सूची भी सौंप दी है लेकिन कांग्रेस 100 से 140 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। राज्य में विधानसभा की 403 सीटें हैं।

सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान 26 सीटों के इस प्रस्ताव का गणित समझाया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित 26 सीटों में कांग्रेस की पिछली बार जीती गई दो सीटें और वे चार सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 ऐसी सीटें दी जा रही हैं, जहां पिछले चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट ही मिले थे।

सूत्रों के अनुसार, सपा ने सीटों के चयन में 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाया है। पार्टी इस बार सीट बंटवारे को लेकर सतर्कता बरत रही है, क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों को दी गई सीटों में से कई पर चुनाव लड़ने वाले दल बाद में गठबंधन से अलग हो गए थे। कांग्रेस को प्रस्तावित 26 सीटों की सूची में रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा, वाराणसी कैंट, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां और गोविंद नगर शामिल हैं। सपा ने कहा है कि शुरुआती प्रस्ताव के अलावा अन्य सीटों पर भी चुनावी समीकरण और उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं के आधार पर बातचीत की जा सकती है।

दूसरी ओर, कांग्रेस की मांग सपा के प्रस्ताव से काफी अधिक है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने पहले 181 सीटों की सूची तैयार की थी, जिसे घटाकर अब 130 सीटों पर लाया गया है। हालांकि, कांग्रेस 100 से 140 सीटों के बीच चुनाव लड़ने की मांग पर कायम है। पार्टी इसके लिए 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन का हवाला दे रही है, जब कांग्रेस ने 105 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व कम सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं दिख रहा है। वहीं, सपा मंगलवार को होने वाली समन्वय समिति की बैठक में करीब 130 सीटों पर कांग्रेस से जीत की संभावनाओं और संभावित उम्मीदवारों के जातीय तथा स्थानीय समीकरणों का ब्योरा मांगने की तैयारी में है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत सोमवार को नई दिल्ली में शुरू हुई थी। पहले दौर की बैठक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर हुई थी। इसमें सपा की ओर से प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हुए थे। कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद ने हिस्सा लिया था।

करीब एक घंटे चली बैठक में दोनों दलों ने अपनी प्राथमिकता वाली सीटों और संभावित उम्मीदवारों की शुरुआती सूची साझा की थी। बैठक के बाद प्रमोद तिवारी ने कहा था कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ रही है। आराधना मिश्रा ने कहा था कि दोनों पक्ष आपसी विश्वास के साथ चर्चा कर रहे हैं और अगले तीन-चार दिनों में अंतिम रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी। दूसरे दौर की बैठक के बाद सीट बंटवारे को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *