पचास हजार रुपए के इनामी तस्कर सुरेन्द्र साहू को झारखंड से गिरफ्तार

ram

जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे पचास हजार रुपए के इनामी तस्कर सुरेन्द्र साहू को झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी को झारखंड के पलामू जिले के नक्सल प्रभावित हरिहरगंज थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। वह बालोतरा जिले के सिणधरी थाने में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित था। आरोपी ने राजस्थान सहित कई राज्यों में मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क फैला रखा था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पाण्डेय के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल शर्मा और हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को सूचना मिली कि सिणधरी थाने के मामले में फरार पचास हजार रुपए का इनामी आरोपी सुरेन्द्र साहू तेली निवासी हरिहरगंज जिला पलामू (झारखंड) अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा है। सूचना के आधार पर दोनों पुलिसकर्मी तीन दिन पहले ही झारखंड पहुंच गए। उन्होंने भेष बदलकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। लगातार निगरानी के बाद पता चला कि आरोपी हरिहरगंज थाना क्षेत्र की एक तेल मिल में छिपकर रह रहा है।

आरोपी की लोकेशन की पुष्टि के बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच ने जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह और बालोतरा पुलिस अधीक्षक राजेश कांवट से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद सिणधरी थानाधिकारी शंकरलाल को पुलिस टीम के साथ झारखंड बुलाया गया। सीआईडी टीम ने अपनी पहचान छिपाकर मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी के ठिकानों की निगरानी जारी रखी।

इसके बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच, सिणधरी थाना पुलिस और स्थानीय हरिहरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेल मिल पर दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल की ओर भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिणधरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र साहू बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार था। मामले की जांच में मादक पदार्थ की आपूर्ति झारखंड से किए जाने का खुलासा हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, उनके संपर्कों और मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोतों के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान में मदद मिलेगी।

कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच की ओर से उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, बृजेश कुमार शर्मा और कुलदीप सिंह की विशेष भूमिका रही। कांस्टेबल सोहन देव यादव ने तकनीकी सहयोग दिया। वहीं सिणधरी थाना पुलिस की ओर से थानाधिकारी शंकरलाल, कांस्टेबल गेनाराम, टीकमराम और चालक कांस्टेबल बाबूलाल का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *