पटना। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उनके संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में आना उनके लिए उत्साह की बात है, लेकिन इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का दशकों पुराना सपना आज पूरा होने जा रहा है। चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री बिहार के लिए कई परियोजनाओं को समर्पित करने का काम करेंगे। यह उनके लिए गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री उनके संसदीय क्षेत्र में आकर इन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। लेकिन इस दिन का महत्व तब और बढ़ जाता है, जब उनके नेता और पिता रामविलास पासवान का देखा हुआ सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने एक सांसद के तौर पर यह सपना देखा था और निरंतर इसके लिए प्रयास किया था कि कैसे अपने संसदीय क्षेत्र को पटना की मुख्यधारा के साथ जोड़ा जाए। राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को कई बार विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किया था।
चिराग पासवान ने कहा कि यही डबल इंजन सरकार की ताकत है, जहां प्रधानमंत्री की सोच और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम हो रहा है। जो सपना रामविलास पासवान ने देखा था, जिसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा की गई थी, आज वह साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि उनके पिता जहां कहीं भी होंगे, जरूर इस बात को देखकर खुश होंगे और गर्व कर रहे होंगे।
वहीं, इस परियोजना को लेकर श्रेय लेने की होड़ पर भी चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधा। राजद नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि इस परियोजना की शुरुआत बिहार सरकार ने अपने संसाधनों और एशियन डेवलपमेंट बैंक से कर्ज लेकर की थी और इसमें केंद्र सरकार का एक पैसा भी नहीं लगा है। उन्होंने पीएम मोदी पर बिना योगदान के राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप लगाया था।
इस पर चिराग पासवान ने कहा कि जो लोग श्रेय लेने की होड़ में लगे रहते हैं, उनको कभी समझ में नहीं आएगा कि काम का महत्व क्या होता है। किस तरीके से अलग-अलग संस्थाओं के माध्यम से व्यवस्था को तैयार करके उसे धरातल पर उतारा जाता है, यह वे नहीं समझेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर यह सब इतना ही आसान था, तो विपक्ष के पास एक लंबा समय था। कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में थी, उसके बाद राजद लंबे समय तक सत्ता में थी। अगर उनमें कार्य को धरातल पर उतारने की इतनी ही इच्छाशक्ति होती, तो संभवतः वे अपने कार्यकाल में ही इसे कर लेते।
नीतीश सेतु के नाम को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी चिराग पासवान ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि जो लोग नाम की होड़ में हैं, वे कभी काम को पहचानेंगे ही नहीं। ये लोग नाम की लड़ाई लड़ते रहें, हम काम पर अपना ध्यान दे रहे हैं। और अगर इन्होंने कभी काम किया होता, तो संभवतः आज इनका भी नाम होता।

डबल इंजन सरकार की ताकत से पूरा हुआ पिता का सपना, ‘नीतीश सेतु’ को लेकर बोले चिराग पासवान
ram


