प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान

ram

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में पहुंचकर गंगा नदी पर करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह-लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने रिबन काटकर इस पुल को राष्ट्र को समर्पित किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई नेता उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने भी हाथ में गमछा लेकर उसे लहराया और वहां खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज गंगा नदी पर बना है। 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पुल पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ता है।
नीतीश सेतु के चालू होने से गंगा नदी पर आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध होगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटेगा। इस पुल से विशेष रूप से राघोपुर दियारा के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। पटना तक उनकी पहुंच आसान होगी और स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।
यह परियोजना कृषि उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के परिवहन को भी सुगम बनाएगी। इससे किसानों और कारोबारियों को बाजारों तक पहुंचने में सुविधा होगी तथा क्षेत्र में व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सड़क संपर्क बेहतर होने से बिहार के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना हवाई अड्डे पहुंचे, जहां जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली के लिए रवाना हुए और नीतीश सेतु का उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *