सवाई माधोपुर/जयपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर एवं गंगापुर सिटी पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मच्छीपुरा, मैनपुरा एवं अजनोटी सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की। निर्वाचन आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों, मतदाताओं एवं प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों के सदस्यों से उनके कार्य-दायित्व और भूमिका के बारे में चर्चा की तथा उन्हें पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं की पहचान जांचने, व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास, भीड़ नियंत्रण तथा मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने पर जोर दिया। राजेश्वर सिंह ने मतदान केन्द्रों पर मतदान दलों के सदस्यों के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से ठहरने, भोजन-पानी तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मतदान कार्मिकों द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के उपलब्ध होने की पुष्टि करने पर प्रशासन की सराहना की। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम तथा पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस जाब्ते, मतदान दलों की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों से अवगत कराया। सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने तथा मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन सामग्री जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक, निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त का मतदान केंद्रों पर निरीक्षण— मतदान व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों की सराहना की, मतदान दलों का उत्साह बढ़ाया संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
ram


