जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत जनसभा को संबोधित किया तथा त्रिपोलिया गेट तक आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए और आमजन से लोकतंत्र बचाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की बात करने से पहले अपने कर्मों का जवाब देना चाहिए। वर्ष 1975 में देश पर आपातकाल थोपकर इन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था। उस दौरान लोकतंत्र सेनानियों को महीनों तक जेलों में रहना पड़ा और उनके परिवारों ने भी भारी पीड़ा और यातनाएं झेलीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करते हुए अनेक स्थानों पर सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने आचरण से सभी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करना सिखाया। एक वोट से उनकी सरकार गिरने के बावजूद उन्होंने संसद में लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और राष्ट्रपति को इस्तीफा सौंपा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए भी लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं का सम्मान किया, लेकिन आज कांग्रेस सेना, निर्वाचन आयोग, सर्वाेच्च न्यायालय, ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उनकी विश्वसनीयता पर प्रहार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता वर्ष के 365 दिन, महीने के 30 दिन और दिन के 24 घंटे जनता के बीच रहकर सेवा कार्य करता है। भाजपा का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और आमजन की संवेदनाओं के साथ कार्य करना है। इसके विपरीत कांग्रेस के नेता संसद में हंगामा करने के बाद विदेश चले जाते हैं और जनता के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा से बचते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यदि साहस है तो वह संसद में आकर तथ्यों और तर्कों के साथ चर्चा करे।
झूठे आरोप लगाने से राजनीति नहीं होती, बल्कि जनता का विश्वास जीतना पड़ता है। ख्यमंत्री ने राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की तुलना कांग्रेस के पांच वर्ष के शासन से करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में दो साल बनाम पांच साल के आधार पर कांग्रेस को खुली बहस का प्रस्ताव रखा। राज्य सरकार ने पहले वर्ष और दूसरे वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा तथा अब तीसरे वर्ष में भी अपने कार्यों और उपलब्धियों का पूरा हिसाब जनता को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को जिस विश्वास और जनादेश के साथ प्रदेश की सेवा का अवसर दिया है, सरकार उसी भावना के अनुरूप जवाबदेही के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल के मामलों का जवाब देना चाहिए। उनके कार्यकाल में नियुक्त आरपीएससी सदस्य जेल गए, जल जीवन मिशन में घोटाला हुआ, उनके मंत्री की गिरफ्तारी हुई तथा इस प्रकरण में अधिकारी भी जेल गए। मुख्यमंत्री ने गत सरकार में पीएसओ और ओएसडी से जुड़े विवादों तथा तत्कालीन डीजीपी क्राइम एवं एसीबी के सार्वजनिक बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता को पहले इन सभी सवालों का जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद, जातिवाद, धर्मवाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती है। चुनाव के समय आरक्षण समाप्त करने जैसे मुद्दों को लेकर इन्होंने जनता के बीच भ्रम फैलाया, नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर भी लंबे समय तक विरोध और धरने किए। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित है, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार का प्रत्येक निर्णय गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने गरीब कल्याण, विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। एक समय भारत को गरीबी से जूझने वाले देश के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया के देशों के साथ आत्मविश्वास से खड़ा है। देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर विकास और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा तक हर क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विश्व के अनेक देश भारत के साथ सहयोग और साझेदारी के लिए आगे आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान, जनसेवा, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पालन से होती है। भाजपा सरकार जनता के विश्वास को सर्वाेपरि मानते हुए विकास और सुशासन के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांग्रेस की अराजकता का डटकर जवाब दें। मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के संबंध में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की आठ करोड़ जनता को धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं भी दीं। केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार पर सवाल उठाते हुए कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि वर्ष 1947 के बाद कई बार कांग्रेस सहित विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में यह प्रक्रिया अपनाई गई है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध एवं प्रमाणिक बनाना है। दिवंगत व्यक्तियों के नाम हटाना, स्थान परिवर्तन करने वाले मतदाताओं के नाम संशोधित करना, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों को दुरुस्त करना इस प्रक्रिया का आवश्यक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र का मूल आधार है और निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि वह इसे त्रुटिरहित बनाए। कांग्रेस इस संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि वह जनता का विश्वास खो चुकी है और अब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित के लिए सर्वस्व समर्पित करने का संकल्प रखता है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ईवीएम के आने के बाद चुनावी व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार हुए तथा चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनी। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए भी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल नहीं उठाए। आज कांग्रेस जिस ईवीएम पर सवाल खड़े करती है, उसी से केरल में चुनाव जीतने पर उसे कोई आपत्ति नहीं होती। उन्होंने कांग्रेस को संसद में खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वाेच्च मंच है, जहां किसी भी विषय पर तथ्यों और तर्कों के साथ चर्चा की जा सकती है।
राजनीति सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने से चलती है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है। आज देश आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है तथा नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नशे के विरुद्ध भी निर्णायक अभियान चलाकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य़ देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और भारत को विकसित, सुदृढ़, सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र बनाना है। कांग्रेस एवं विपक्षी दलों को अराजकता फैलाने के बजाय लोकतंत्र और संविधान की भावना का सम्मान करना चाहिए तथा संसद में बहस के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि शांतिपूर्ण तरीके से जनता के बीच जाकर सरकार की सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को पहुंचाएं तथा विपक्ष की नकारात्मकता एवं दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब दें। प्रदेश प्रभारी श्री संजय भाटिया ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन पर भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक प्रमाणिक एवं त्रुटिरहित बनाया जा रहा है। घुसपैठियों के नाम हटाने, दिवंगत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से विलोपित करने तथा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज दोहरे मतदाताओं की पहचान कर उनका नाम एक ही स्थान पर रखने से कांग्रेस एवं विपक्षी दलों को क्या आपत्ति है? उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठे आरोप लगाकर युवाओं, किसानों और आमजन को गुमराह करने तथा देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस का ईवीएम पर सवाल उठाना और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करना भी उसकी दोहरी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की सरकारें हैं, वहां भी उन्हीं चुनावी व्यवस्थाओं और निर्वाचन आयोग के माध्यम से सरकारें बनी हैं, लेकिन चुनाव हारने पर यही दल लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं। श्री संजय भाटिया ने कहा कि देश में जब भी कोई सकारात्मक सुधार हुआ है, कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने उसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है। पहले हथियारों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहने वाला भारत आज स्वदेश में रक्षा उपकरणों का निर्माण कर अनेक देशों को निर्यात कर रहा है।
इसी प्रकार कोविड महामारी के दौरान भारत ने अपनी क्षमता और वैज्ञानिक सामर्थ्य का परिचय देते हुए दो स्वदेशी वैक्सीन विकसित कीं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे झूठ, अफवाह और दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ पूरी ताकत से जवाब दें तथा राष्ट्र की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जनता को जागरूक करें। प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा पदयात्रा के माध्यम से जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल सत्ता प्राप्ति की लालसा में लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूलकर देश में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्षी दल अफवाहों और भ्रामक प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन देश की जागरूक जनता उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व भगवान श्रीराम के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने वालों, देश के विभाजन की बात करने वालों और राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों के साथ खड़ा दिखाई देता है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए आवश्यक है कि सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष भी राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने राजस्थान की जनता से आह्वान किया कि पंचायत सहित प्रत्येक चुनाव में राष्ट्रविरोधी मानसिकता रखने वालों को हतोत्साहित करें और ऐसे लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अवसर न दें। उन्होंने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य जन-जन तक राष्ट्रभक्ति, लोकतंत्र की रक्षा और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना है, जिसमें सभी नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय सहभागिता निभाएं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, युवा एवं खेल विभाग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, संगठन महामंत्री श्री अजेय कुमार, जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद श्री राव राजेंद्र सिंह, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक परनामी, विधायक श्री कालीचरण सराफ, महापौर नगर निगम श्री सुनील कोठारी सहित अन्य विधायक, उपाध्यक्ष, पार्टी के महामंत्री, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



