शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान: दीपावली विशेष अभियान में मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देश तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में दीपावली विशेष अभियान के तहत 4 नवंबर तक प्रदेशभर में 1 लाख 55 हजार 980 किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज की गई है, जबकि 45 हजार 551 किलो से अधिक दूषित एवं अखाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई है। प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा दलों द्वारा प्रदेशभर में मिलावटखोरों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन में गठित विशेष जांच दलों ने 13 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक 3,587 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 3,112 विधिक एवं 1,983 सर्विलांस सहित कुल 5,095 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले 237 कारोबारियों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

जयपुर में 35 हजार किलो नकली घी जब्त
अभियान के दौरान जयपुर के रामपुर डाबड़ी स्थित हिमालया डेयरी प्रोडक्ट्स पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 34,795 किलो नकली देशी घी जब्त किया गया। इसके अलावा जयपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर 64,727 किलो संदिग्ध घी, तेल, पेय पदार्थ और मसाले सीज किए गए तथा 527 किलो सामग्री नष्ट करवाई गई। जयपुर में जनता डेयरी से 500 किलो घटिया गुणवत्ता का पनीर पकड़ा गया। झोटवाड़ा के कोल्ड स्टोरेज से 3,180 किलो खराब किशमिश नष्ट करवाई गई। वहीं सीतापुरा के कोल्ड स्टोरेज से 1,400 किलो बिना लेबल वाले सड़े-गले बादाम और 1,018 किलो काली मिर्च सीज की गई।

श्रीगंगानगर में 20,655 लीटर संदिग्ध घी जब्त
श्रीगंगानगर में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो बड़े गोदामों पर कार्रवाई कर 20,655 लीटर संदिग्ध देशी घी जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 3.50 लाख रुपये की बिक्री राशि और सप्लाई वाहन भी जब्त किया गया।

भीलवाड़ा और ब्यावर में भी बड़ी कार्रवाई
भीलवाड़ा में विभिन्न प्रतिष्ठानों और बसों से संदिग्ध मावा पकड़ने सहित कुल 12,630 किलो सामग्री सीज की गई तथा 5,107 किलो सामग्री नष्ट करवाई गई। इसमें 4,500 किलो मसाले और 3,180 किलो खाद्य तेल भी शामिल हैं। वर में लूणावत ट्रेडिंग कंपनी से 9 हजार किलो और साहू ट्रेडर्स से 1,500 किलो सामग्री सीज की गई। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 10,500 किलो सामग्री जब्त की गई तथा 565 किलो सामग्री नष्ट करवाई गई।

घी, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी
अभियान में उत्पादवार कार्रवाई के तहत 67,684 किलो घी सीज किया गया तथा 292 किलो नष्ट करवाया गया। इसी तरह 24,326 किलो खाद्य तेल सीज और 9,683 किलो नष्ट किया गया। पेय पदार्थों के 19,200 किलो उत्पाद सीज किए गए तथा 1,778 किलो नष्ट करवाए गए। इसके अलावा मावा, पनीर एवं दुग्ध उत्पादों के 7,197 किलो से अधिक उत्पाद नष्ट करवाए गए। मिठाइयों के 6,215 किलो, मसालों के 1,375 किलो, ड्राई फ्रूट्स के 855 किलो तथा नमकीन के 1,765 किलो उत्पाद भी नष्ट करवाए गए। बीकानेर, अजमेर, डीग, अलवर, बाड़मेर, हनुमानगढ़, कोटा, टोंक, जोधपुर, दौसा, खैरथल-तिजारा, बूंदी, फलोदी, भरतपुर, धौलपुर, सीकर और चूरू सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी खाद्य सुरक्षा टीमों ने कार्रवाई की।

नमूनों की जांच के बाद होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। संग्रहित सभी 5,095 नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में खाद्य सामग्री असुरक्षित, अमानक या गलत लेबल वाली पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें आर्थिक दंड, लाइसेंस निरस्त करने और न्यायालय में परिवाद दायर करने जैसी कार्रवाई शामिल है। उन्होंने बताया कि दीपावली विशेष अभियान 8 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण और जांच कर रही हैं, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *