जयपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का चरित्र झूठ बोलकर भाग जाने तक सीमित रह गया है। कांग्रेस के नेताओं के पास अब न तो कोई तथ्य बचा है और न ही कोई ठोस तर्क। जनता कांग्रेस की वास्तविकता को भली-भांति जान चुकी है और समय-समय पर उसे जवाब देती रहती है। जिस प्रकार नगर निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को जवाब दिया है, उसी प्रकार आगामी पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस के नेता राजस्थान में आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं और प्रदेश सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं, लेकिन अपने आरोपों को प्रमाणित करने के लिए उनके पास कोई ठोस तथ्य नहीं होते। कांग्रेस नेताओं को अपने शासनकाल के कार्यकाल और कारनामों पर भी नजर डालनी चाहिए। प्रदेश की जनता आज भी कांग्रेस शासन के दौरान व्याप्त भ्रष्टाचार, संगठित अपराध और माफिया गतिविधियों को भूली नहीं है। कांग्रेस सरकार के समय जिन तत्वों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, उन पर वर्तमान भाजपा सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा कि आज राजस्थान विकास के नए मानदंड स्थापित कर रहा है और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के संकल्प के साथ काम कर रही है। कांग्रेस को भाजपा सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल का हिसाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए। भारद्वाज ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस नेताओं की गैर-जिम्मेदाराना राजनीति को समझ चुकी है। कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी झूठे और निराधार आरोप लगाते हैं, लेकिन जब तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर सवालों का जवाब देने की बात आती है, तो वे जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करते हैं। कांग्रेस संसद में चर्चा और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने के बजाय सड़क पर राजनीतिक नौटंकी कर जनता को गुमराह करना चाहती है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संबंध में जो आरोप लगाए हैं, उनका जवाब गहलोत को तथ्यों और प्रमाणों के साथ देना चाहिए। यदि आरोप निराधार हैं, तो उन्हें स्पष्ट रूप से उनका खंडन करना चाहिए और जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। केवल बयानबाजी करने से सच्चाई नहीं बदलती और न ही जनता को गुमराह किया जा सकता है। भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रदेश की जनता के हितों की अनदेखी की और अब भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विकास कार्यों पर सवाल उठाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और प्रदेश के विकास, सुशासन तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस का चरित्र झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना: लक्ष्मीकांत भारद्वाज
ram


