नई दिल्ली। चक्रवात ‘अर्नब’ का असर अभी भी जारी है। इसके कारण हुई भारी बारिश के बाद ओडिशा के गंजाम जिले में बहुदा नदी उफान पर आ गई। दो रेलवे पुल के पास खतरे के निशान को पार कर जाने के बाद बृहस्पतिवार को हावड़ा-चेन्नई मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर 36 ट्रेन को रद्द कर दिया गया, 30 के मार्ग में परिवर्तन किया गया, जबकि आठ अन्य ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोका गया या उनके समय में बदलाव किया गया।
आठ अन्य ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोका गया
पूर्व तट रेलवे (ईसीओआर) ने 24 ट्रेन को रद्द कर दिया और 22 के मार्ग बदल दिए, जबकि दक्षिण तट रेलवे (एससीओआर) ने 12 ट्रेन को रद्द किया और आठ अन्य के मार्ग में परिवर्तन किया। अधिकारियों के अनुसार, आठ अन्य ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोका गया या उनके समय में बदलाव किया गया। पूर्व तट रेलवे के अनुसार, अब तक रद्द की गई प्रमुख ट्रेन में भुवनेश्वर और विशाखापत्तनम के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस और ओडिशा की राजधानी को तेलंगाना के सिकंदराबाद से जोड़ने वाली विशाखा एक्सप्रेस शामिल हैं।
ये ट्रेनें भी हुईं रद्द
इसके अलावा, दक्षिण तट रेलवे (एससीओआर) ने शालीमार-मंगलुरु विवेक एक्सप्रेस, शालीमार-वास्को डि गामा एक्सप्रेस और हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को भी रद्द कर दिया। ट्रेन नंबर 12842 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल – हावड़ा कोरोमंडल एक्सप्रेस, जो आज 30.10.2026 को डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से 07:00 बजे रवाना होने वाली थी, वह अब पेयरिंग ट्रेन के देरी से चलने के कारण 16:00 बजे (9 घंटे की देरी से) रवाना होगी। एक अधिकारी ने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 36 ट्रेन रद्द कर दी गई हैं और 30 अन्य ट्रेन के मार्ग बदल दिए गए हैं। रेलवे अधिकारी स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। जलस्तर घटने और इस खंड को रेल परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।”
चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण गंजाम जिले में 550 मिलीमीटर बारिश
पूर्व तट रेलवे ने एक अन्य बयान में कहा कि चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण गंजाम जिले में 550 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे बहुदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। रेलवे ने बताया कि भारी बारिश के बाद बहुदा नदी पर बने बाघलाटी बांध में पानी का स्तर खतरे के निशान को पार कर गया। इसके कारण इच्छापुरम और जाधुपुडी के बीच रेलवे पुलों पर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि हावड़ा-चेन्नई मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेन के मार्ग बदल दिए गए हैं। रेलवे ने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर फंसे यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की गई है। उसने बताया कि यात्रियों का मार्गदर्शन करने, उनकी शिकायतों का समाधान करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
चक्रवात ‘अर्नब’ के अवदाब में बदलने से बंगाल में झमाझम बारिश
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कमजोर होकर अवदाब में बदल जाने से बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि अवदाब के बृहस्पतिवार रात तक कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है, जिससे शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने यह भी बताया कि बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। आईएमडी के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है। मौसम विभाग ने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव के कारण शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी। उसने कहा शनिवार तक पूरे पश्चिम बंगाल में आंधी और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित सागर द्वीप में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों के दौरान 81.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक है। उसने कहा कि राज्य में मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी, हल्दिया में 36 मिमी और कांथी में 35 मिमी वर्षा हुई।



