मुंबई। एक्ट्रेस प्राजक्ता कोली ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में डिजिटल क्रिएटर से फिल्मों तक के अपने सफर और दर्शकों से मिले प्यार के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनसे जुड़े लोगों की वजह से उन्हें प्रोफेशनल लाइफ में एक अलग तरह का कॉन्फिडेंस मिलता है। एक्ट्रेस प्राजक्ता कोली ने कहा कि जब वह बड़े कलाकारों के साथ फिल्मों में काम करती हैं, तो उनके मन में यह चिंता नहीं रहती कि दूसरे लोग उन्हें पसंद करेंगे या नहीं। इसके बजाय वह चाहती हैं कि जो दर्शक उनकी फिल्म देखने के लिए टिकट खरीदते हैं, उन्हें भी उनका काम पसंद आए।
प्राजक्ता ने कहा, “ज्यादातर जगहों पर मैं थोड़े कॉन्फिडेंस के साथ जाती हूं, क्योंकि सोशल मीडिया पर मेरी अपनी कम्युनिटी है। मैं यह बात विनम्रता के साथ कहना चाहती हूं कि मुझे जो काम मिला है, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। जब मैं ‘जुगजुग जिओ’ कर रही थी, तब वह मेरी सबसे बड़ी फिल्म थी। उसमें बड़े कलाकार और शानदार स्टारकास्ट थी। लेकिन, मेरे दिमाग में यह नहीं था कि पता नहीं वे लोग मुझे पसंद करेंगे या नहीं।”
उन्होंने कहा, ”मेरी सोच यह थी कि जो लोग फिल्म देखने के लिए टिकट खरीदते हैं, वे मुझे पसंद करें। मैं चाहती थी कि दर्शकों को मेरा काम अच्छा लगे, लेकिन इसके लिए दूसरे कलाकारों की अहमियत कम नहीं होनी चाहिए।”
प्राजक्ता ने बताया कि ‘जुगजुग जिओ’ के सेट पर अनिल कपूर, नीतू कपूर, कियारा आडवाणी, करण जौहर, मनीष पॉल और वरुण धवन समेत सभी लोगों ने उनके साथ अच्छा व्यवहार किया।
एक्ट्रेस ने कहा, ”डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से मिले प्यार ने मुझे फिल्मों में काम करते समय भी आत्मविश्वास दिया। मेरे लिए यह जरूरी है कि मैं अपने काम से उन लोगों का दिल जीत सकूं, जो लंबे समय से मुझे फॉलो कर रहे हैं और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर मेरे काम को देखते हैं।”

डिजिटल क्रिएटर से एक्ट्रेस बनने तक का सफर, प्राजक्ता कोली बोलीं- ‘दर्शकों का प्यार देता है कॉन्फिडेंस’
ram


