ग्वालियर। ग्वालियर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी समेत 26 लोग घायल हैं। हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थे। तभी चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक करीब 90 डिग्री के ढलान पर बेकाबू हो गया। ड्राइवर गूगल मैप की मदद से ट्रक चला रहा था। ढलान पर ट्रक पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए लोगों को कुचलकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। इससे मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था। सरकार ने सीएसपी को हटा दिया। 8 अफसर-पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इनमें चार टीआई हैं। ग्वालियर CSP रवि भदौरिया ने कहा- ट्रक के ड्राइवर और मालिक को हिरासत में ले लिया गया है। ड्राइवर नशे में थे या नहीं, उनका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा। प्रथम दृष्टया जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक यह ट्रक डबरा मंडी से धान लेकर आ रहा था। दो ट्रक एक साथ आ रहे थे। इस रूट पर कभी भारी वाहन नहीं आते थे। हादसे में जान गवाने वाले गौरव परिहार के साथ कल्पना परिहार भी मंदिर गई थी। कल्पना ट्रक के पहिए के नीचे आ गई थी। पुलिस ने टायर की हवा निकालकर कल्पना को बाहर निकाला। उसके शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। कल्पना ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती है।
हादसे में लापरवाही बरतने पर एक्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 8 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं।
राहुल-सिंधिया ने हादसे पर दुख जताया
विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हादसे पर दुख जताया है। सिंधिया ने एक्स पर लिखा, श्रद्धालुओं की मौत से मन व्यथित है। राहुल ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है।



