कोलकाता के पंडाल में भगदड़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हुई

ram

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 17 लोगों की जान मौके पर ही चली गई। कम से कम 25 लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद देररात पत्रकारों को बताया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की मदद करने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए घोषणा की है कि जान गंवाने वालों के प्रत्येक परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस बीच शनिवार को ही कोलकाता पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। शाह ने कहा है कि वे घायलों से मिलने के लिए रविवार सुबह मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल जाएंगे।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा, “यह दुखद घटना है। 19 लोगों की जान चली गई है, जिनमें से 17 की मौत मौके पर ही हो गई। 25 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 24 खतरे से बाहर हैं, जबकि एक की हालत गंभीर है। सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। हम रात भर काम कर रहे हैं और हमने मुआवजे की भी घोषणा की है।”

उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवार को हर आश्रित को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और एक को सरकारी नौकरी दी जाएगी, जबकि हर घायल को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।

उन्होंने कहा, “केंद्रीय गृहमंत्री के तय कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी मिलेगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी और उन्हें 5-5 लाख रुपये का मुआवजा भी दिया जाएगा।” अमित शाह रविवार सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे।

अधिकारी ने कहा कि वह कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर एक ‘तथ्य-खोज समिति’ गठित करने का अनुरोध करेंगे।

उन्होंने कहा, “इस समिति में एसटीएफ और फॉरेंसिक टीमें शामिल होंगी।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्य सचिव से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे और राहत राशि की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *