हनुमानगढ़। जिले में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जाकर खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एमएफटीएल वाहन संख्या आरजे-14 जीक्यू-4775 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। जांच के साथ-साथ आम नागरिकों को खाद्य सामग्री की खरीद व उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी जा रही है।
डॉ. शर्मा के अनुसार एमएफटीएल द्वारा 14 अक्टूबर को फतेहगढ़, 15 अक्टूबर को पल्लू, 16 अक्टूबर को नेठराना व भादरा, 21 अक्टूबर को गोलूवाला, 22 अक्टूबर को 2 केएनजी एवं मक्कासर, 23 अक्टूबर को टिब्बी, 26 अक्टूबर को सोनड़ी, 27 अक्टूबर को गांव कोहला, 28 अक्टूबर को सूरलवाला, 29 अक्टूबर को गांव गोरखाना एवं 30 अक्टूबर को धन्नासर एवं कैंचियां में खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से आग्रह किया कि आमजन विशेष रूप से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच एमएफटीएल वाहन पर अवश्य कराएं, ताकि मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकें। खाद्य सामग्री संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर 181 अथवा 0141-2225624 पर सम्पर्क किया जा सकता है।



