सवाई माधोपुर। ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा जिले के अग्रणी बैंक बैंक ऑफ़ बड़ौदा द्वारा प्रायोजित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आर.सेटी.) द्वारा 35 दिवसीय निःशुल्क महिला ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का समापन शुक्रवार को हुआ तथा 32 ग्रामीण प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में आर.सेटी. निदेशक नीरज गोपालिया ने बताया कि इस बैच को ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण में आत्मनिर्भरता के साथ साथ व्यावहारिक तथा उद्यमिता विकास संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया है तथा सफल उद्यमी भ्रमण के माध्यम से संस्थान द्वारा पूर्व में प्रशिक्षित सफल उद्यमी के स्टार्ट अप का दौरा कराया गया। साथ ही, बैंकों की विभिन्न सरकारी योजनाओं मुख्यतः मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ब्याज मुक्त ऋण हेतु संबंधित बैंकों से ऋण सहायता प्राप्त करने हेतु उचित परामर्श भी दिया गया। सभी महिला प्रशिक्षणार्थियों को माइक्रो इंश्योरेंस स्कीम प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया।
इस अवसर पर असेसमेंट कंट्रोलर कार्यालय से पधारे सुरेश गुप्ता, गीता पांचाल, निर्मला शर्मा, सहायक एलडीएम पवन कुमार, कार्यक्रम समन्वयक लोकेश जांगिड़, निरमा चौधरी, मनराज माली, कपिल कुमार, रमजू गुर्जर सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय स्थित बड़ौदा आर. सेटी. द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने हेतु निःशुल्क आवासीय स्किल प्रशिक्षण दिया जाता है। संस्थान में आगामी प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सिलाई मशीन, सॉफ्ट टॉयज का निर्माण, आर्टीफिशियल आभूषणों का निर्माण, एसी फ्रिज रिपेयरिंग, मोबाइल फोन रिपेयरिंग, फ़ोटोफ़्राफ़ी वीडियोग्राफ़ी आदि प्रशिक्षण शामिल हैं जिनका निःशुल्क रजिस्ट्रेशन बंबोरी चौराहे स्थित संस्थान कार्यालय में चालू है।

सवाई माधोपुर : महिला ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण संपन्न, सफल प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र
ram


