भारत में नेपाल-बांग्लादेश जैसी अराजकता चाहते हैं राहुल गांधी; कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा भड़की

ram

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया कि सत्ता पाने की अकुलाहट में राहुल गांधी सड़क पर विरोध प्रदर्शनों के जरिए देश में नेपाल और बांग्लादेश जैसी अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने बुधवार को इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के कुछ वीडियो फुटेज जारी करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ बदसलूकी की। एक वीडियो संदेश जारी कर भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी की रणनीति भारत में नेपाल और बांग्लादेश जैसी अराजकता फैलाने की है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों पर लात-घूंसों से हमला करने की कोशिश कर रहे हैं।”

राहुल ने पुलिस को धक्का दिया: भाजपा
एक अन्य वीडियो क्लिप का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारी राहुल गांधी से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील कर रहे थे, लेकिन राहुल गांधी ने रेजिस्टेंस रील्स बनाने की मंशा से पुलिसकर्मी को धक्का दिया। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि फुटेज में प्रियंका गांधी वाड्रा खुद पुलिसकर्मियों को पीछे धकेलने का प्रयास करती दिख रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट में है मामला
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रदर्शन और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह मामला पहले से ही देश की सर्वोच्च अदालत के समक्ष विचाराधीन है। उन्होंने कहा, “जब मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो सड़क पर राहुल गांधी का विरोध प्रदर्शन अदालती कार्यवाही पर कोई असर नहीं डालेगा। राहुल गांधी सोचते हैं कि इन दृश्यों के माध्यम से वे सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर दबाव बना सकते हैं और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर सकते हैं।” भाजपा ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश में अशांति फैलाने का गंभीर आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, “भारत का लोकतंत्र जीवंत, मजबूत और सुरक्षित है तथा देश में शांति है। क्या सत्ता पाने के लिए उत्सुक राहुल गांधी के साथ कुछ वैश्विक अंतरराष्ट्रीय ताकतें देश को जलाकर और अराजकता फैलाकर एक परिवार को वापस सत्ता में लाने की कोशिश कर रही हैं?” उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता सब देख रही है और राहुल गांधी का इरादा लोकतंत्र बचाना नहीं, बल्कि अपने परिवार के हितों और देश को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों का समर्थन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *