जयपुर। राजस्थान में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए 10 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक मानसिक स्वास्थ्य माह मनाया जा रहा है। इसके तहत 10 अक्टूबर को प्रदेशभर में मानसिक स्वास्थ्य शपथ अभियान चलाया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। तनाव, चिंता या किसी परेशानी के समय अपने परिवार और दोस्तों से बात करना, एक-दूसरे को समझना और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेना जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि 10 अक्टूबर को मानसिक स्वास्थ्य की डिजिटल शपथ लेकर इस अभियान से जुड़ें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता केवल एक दिन का प्रयास नहीं है, बल्कि इसके लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों, सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन की भागीदारी से इस अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक लोगों को मानसिक स्वास्थ्य शपथ से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि आमजन अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके या डिजिटल लिंक https://ihmslite.rajasthan.gov.in/manas पर जाकर मानसिक स्वास्थ्य की शपथ ले सकते हैं। शपथ लेने की प्रक्रिया आसान है और शपथ लेने के बाद प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड किया जा सकता है। प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य माह के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में रैली, जागरूकता सभा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों और युवाओं के साथ-साथ सरकारी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी डिजिटल शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। श्रीमती राठौड़ ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात करना जरूरी है। किसी व्यक्ति को तनाव या परेशानी में देखकर उसकी बात सुनना और जरूरत के समय उसका साथ देना भी मानसिक स्वास्थ्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। प्रमुख शासन सचिव ने मीडिया संस्थानों से भी अपील की कि वे मानसिक स्वास्थ्य शपथ के डिजिटल लिंक को समाचार पत्रों, टीवी, रेडियो, समाचार पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए 10 अक्टूबर को प्रदेशभर में ली जाएगी शपथ
ram


