जयपुर। प्रदेश में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए संचालित प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-अभीम) की अवधि केंद्र सरकार ने आगामी 31 मार्च तक बढ़ा दी है। इससे योजना के तहत संचालित स्वीकृत स्वास्थ्य गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाया जा सकेगा। केंद्र सरकार के निर्णय के अनुसार योजना के तहत चल रहे स्वीकृत कार्य और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी गतिविधियां जारी रहेंगी। इनका संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों, स्वीकृत मानकों और उपलब्ध बजट के अनुसार किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि पीएम-अभीम को आगे जारी रखने से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों को निरंतर सहयोग मिलेगा। राज्य सरकार आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि योजना के विस्तार से स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित स्वीकृत गतिविधियों को निरंतर गति मिलेगी। राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से कार्य जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-अभीम) की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ी
ram


