जिला विधिक प्राधिकरण सचिव ने किया सैटेलाइट अस्पताल का निरीक्षण

ram

खैरथल. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजित कुडी ने शनिवार को खैरथल सैटेलाइट अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं से लेकर साफ-सफाई और स्टाफ की उपलब्धता तक कई कमियां सामने आईं। मरीजों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने और चिकित्सकों पर अधिक काम के दबाव की स्थिति भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या कम मिली। अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सकों को लेकर मरीज जितेंद्र कुमार ने प्राधिकरण सचिव को बताया कि 11 डॉक्टर पदस्थापित हैं, लेकिन अस्पताल में नियमित रूप से केवल 2-3 डॉक्टर ही मौजूद रहते हैं। इससे मरीजों को उपचार के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। दवा वितरण व्यवस्था की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। मरीजों ने बताया कि दवा काउंटरों पर फार्मासिस्ट उपलब्ध नहीं होने से उन्हें दवाइयां लेने में परेशानी होती है। अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध नहीं मिली। अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी की समस्या से भी सचिव को अवगत कराया गया। निरीक्षण में अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए। विशेषकर जच्चा-बच्चा वार्ड में दुर्गंध मिलने पर स्वच्छता व्यवस्था को तत्काल सुधारने की जरूरत बताई गई। टीकाकरण कक्ष, ओपीडी, इमरजेंसी और दवा वितरण केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अस्पताल में कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था बंद मिली। सचिव अजित कुड़ी ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर और सुचारु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा वितरण, जांच सुविधाओं, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राहुल जाट, पीएमओ डॉ. नितिन शर्मा, वरिष्ठ विशेषज्ञ फॉरेंसिक डॉक्टर केशव सोनी, कर्ण सिंह सहित अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *