‘मां राजनीति का मुद्दा नहीं’, राहुल गांधी के मंच पर PM मोदी की मिमिक्री से भड़की BJP

ram

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी के युवा संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री (नकल) किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। कार्यक्रम के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि के पीएम मोदी के हाव-भाव, उनके विदेशी भाषणों और हाल ही में एक रैली के दौरान एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई बातचीत की नकल उतारे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

इंदौर के मंच पर क्या-क्या हुआ?
इंदौर में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की आवाज और बोलने के अंदाज की मिमिक्री की। कॉमेडियन ने विदेशी नेताओं से प्रधानमंत्री की मुलाकात का जिक्र करते हुए बार-बार “माई फ्रेंड, हाउ आर यू?” कहा! इस पर मंच पर मौजूद राहुल गांधी ने हंसते हुए जवाब दिया- “आई एम फाइन, हाउ आर यू, मोदी जी?” एक्ट के दौरान हाल ही में पीएम मोदी के एक जनसभा में एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाने की घटना, पीएम के सिक्का-ट्रिक का जिक्र करते हुए व्यंग्य कसा गया। मिमिक्री के दौरान AI समिट के गलगोटिया विवाद और भारत की विदेश नीति पर भी कटाक्ष किया गया।

बीजेपी ने किया पलटवार
वीडियो वायरल होते ही बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। एक तरफ़ पीएम मोदी ने एक बुज़ुर्ग माँ को सम्मान और अपनापन दिया, दूसरी तरफ़ राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में उनका मज़ाक उड़ाया। बीजेपी ने अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट लिखा, “एक तरफ पीएम मोदी ने एक बुज़ुर्ग मां को सम्मान और अपनापन दिया, दूसरी तरफ राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में उनका मजाक उड़ाया। यही फर्क है संस्कार और दिखावे की राजनीति में। जिस उम्र में सम्मान मिलना चाहिए, वहां राहुल गांधी का यह शर्मनाक रवैया उनकी सोच के बारे में क्या कहता है?” केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, “शर्मनाक और घिनौना! राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी नैतिक दिवालियापन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी की स्वर्गीय माताजी और एक बुजुर्ग महिला का मजाक उड़ाना मानवीय संवेदनाओं की कमी को दर्शाता है।” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी X पर लिखा, “मां राजनीति का विषय नहीं होती। किसी सभ्य समाज में मां का अपमान कतई स्वीकार्य नहीं है। राजनीतिक विरोध समझ आता है, लेकिन प्रधानमंत्री जी की दिवंगत माताजी पर अभद्र टिप्पणियों पर हंसना आपकी राजनीतिक संस्कृति को बेनकाब करता है।”

राजनीतिक व्यंग्य बनाम मर्यादा की बहस
सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस घटना के बाद एक नई बहस छिड़ गई है। एक तरफ जहां कांग्रेस समर्थक इसे विशुद्ध ‘पॉलिटिकल सटायर’ और अभिव्यक्ति की आजादी बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इसे प्रधानमंत्री के पद, बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और दिवंगत परिजनों के सम्मान की सीमाओं को लांघना करार दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *