जयपुर में 3 मंजिला बिल्डिंग में आग, 25 दुकानें जलीं

ram

जयपुर. जयपुर में त्रिपोलिया बाजार के मणिहारों का कटला में 3 मंजिला सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह 7 बजे भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर चूड़ियों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। धीरे-धीरे 25 दुकानें आग की चपेट में आ गईं। इनमें कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान, कॉस्मेटिक आइटम और चूड़ियों की दुकानें थीं। सुबह 8 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। 30 फायर ब्रिगेड और करीब 50 कर्मचारियों ने दोपहर करीब 2:30 बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान इलाके की बिजली बंद कर दी गई। घटना स्थल के पास में पुरोहितजी का कटला सहित आसपास की दुकानें बंद रहीं। बिल्डिंग में 5 कॉमर्शियल LPG सिलेंडर भी रखे थे, जिन्हें फायरमैन ने तुरंत हटाया।
बिल्डिंग मालिक आनंद सेठी है। बिल्डिंग में फायर सेफ्टी के लिए लगे इक्विपमेंट्स बंद पड़े थे। आग लगने के बाद उठा धुआं सुभाष चौक से चांदपोल तक फैल गया। इससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन होने लगी।

गार्ड बोला- ताला तोड़ गोदाम से निकलकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शी गार्ड विक्रम सिंह ने बताया कि छोटू भाई के मणिहारी के सामान के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। उस समय गोदाम में मैं और 3 सफाईकर्मी थे। हम ताला तोड़कर शटर ऊंचा करके बाहर निकले और जान बचाई। शटर गर्म होने के कारण मेरा हाथ भी जल गया।

4 KM का एरिया प्रभावित, जाम भी लगा
आग लगने से करीब 4 किलोमीटर का एरिया प्रभावित हुआ। बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार में जाम के हालात बन गए। आग के कारण एक दुकान की दीवार भी टूटकर गिर गई।

एनओसी की जांच की जाएगी
जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, वहां से कुछ दूरी पर माणक चौक थाना है। धुआं उठता देख पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। फायर एनओसी की जांच की जाएगी।

MLA बोले- पौने तीन साल में एक बार भी फायर सिस्टम चेक नहीं किया
किशनपोल से कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने कहा- सरकार की देखरेख में अवैध कब्जे हो रहे हैं। इन्होंने हमारे हेरिटेज के स्वरूप को भी बिगाड़ दिया। प्रशासन ने पौने तीन साल में एक बार भी फायर सिस्टम को चेक नहीं किया।

विधायक बालमुकुंद बोले- कांग्रेस राज में स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों दिए
हवामहल से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने फायर सिस्टम सही नहीं होने के बावजूद एनओसी देने के सवाल पर पिछली कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा- कांग्रेस के शासन में करोड़ों रुपए स्मार्ट सिटी के नाम पर दिए गए। उस समय कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस का नगर निगम था। अधिकारियों ने पैसा कहां-कैसे लगाया, उसकी जांच होनी चाहिए।

बिल्डिंग में बनाया जा रहा अवैध रेस्टोरेंट-होटल
स्थानीय व्यापारी अनीस चंदवानी ने बताया कि सेठी कॉम्प्लेक्स में टॉप पर मालिक आनंद सेठी अवैध रूप से रेस्टोरेंट और होटल बनवा रहे हैं। इसके चलते यहां सुबह वेल्डिंग का काम किया जाता है। इसका स्थानीय लोग और व्यापारी पहले भी विरोध कर चुके हैं, लेकिन निगम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *