जिला कलक्टर संदेश नायक ने किशनपोल स्थित सैटेलाइट अस्पताल में किया रक्तदान

ram

जयपुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के साथ-साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की थीम “One Drop of Humanity- Give Blood- Save Lives” रखी गई है।

इस दौरान जिला कलक्टर संदेश नायक ने किशनपोल स्थित सैटेलाइट अस्पताल में रक्तदान किया । उन्होंने इस दौरान कहा कि रक्तदान महादान है। इस पुण्य कार्य में आपका योगदान किसी जरूरतमंद को जीवनदान दे सकता है। उन्होंने मानव जाति के हित में सभी से अपील की है कि वे वर्ष में 2 बार अवश्य रक्तदान करें।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक एवं जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य हितधारकों की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप-जिला अस्पतालों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज सम्बद्ध ब्लड सेंटर एवं अन्य ब्लड सेंटर पर रक्त समूह जांच की सुविधा उपलब्ध कराने तथा नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में पंजीकरण एवं नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 1 अक्टूबर, 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों तथा ब्लड सेंटरों में उपयुक्त गतिविधियां आयोजित करने तथा विशेष रूप से युवाओं, प्रथम बार रक्तदान करने वाले व्यक्तियों एवं सामुदायिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान संभागीय आयुक्त जयपुर वे. सरवण कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत, ऑलम्पियन गोपाल सैनी सहित अन्य चिकित्सक, मेडिकल एवं नर्सिंग स्टॉफ सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *