हम सब यह जानते हैं कि 5 सितंबर को प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। वास्तव में, यह दिन भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व और शिक्षकों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति का दिन है। यह भी सर्वविदित है कि हमारे देश में यह दिन महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। सनातन भारतीय संस्कृति में शिक्षक को सदैव ज्ञान, संस्कार और जीवन-दृष्टि का मार्गदर्शक माना गया है। लेकिन आज जब दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई, डिजिटल तकनीक और तीव्र सूचना-विस्फोट के दौर से गुजर रही है, तब यह सवाल स्वाभाविक है कि जब मशीनें ज्ञान उपलब्ध करा सकती हैं, तो शिक्षक की भूमिका कितनी और कैसी रह गई है?
एआइ युग में शिक्षक दिशा और विवेक का मार्गदर्शक:-
मशीनी युग में शिक्षक ज्ञान का स्रोत था, एआइ युग में वह दिशा और विवेक का मार्गदर्शक है। एआइ जानकारी दे सकती है, लेकिन शिक्षक ज्ञान को समझ, संस्कार और संवेदना में बदलता है। वास्तव में, कहना ग़लत नहीं होगा कि बदलती तकनीक के बीच शिक्षक विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच और मानवीय मूल्यों का विकास करता है।इसलिए एआइ के युग में शिक्षक की भूमिका कम नहीं, बल्कि और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।सच तो यह है कि आज भी शिक्षक की प्रासंगिकता कतई कम नहीं हुई है, बल्कि उसकी भूमिका पहले से कहीं अधिक व्यापक और महत्वपूर्ण हो गई है। एक समय था जब विद्यार्थी किसी विषय की जानकारी के लिए शिक्षक, पुस्तकालय और पुस्तकों पर निर्भर रहते थे। शिक्षक ही ज्ञान का प्रमुख माध्यम था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। इंटरनेट, स्मार्टफोन, ऑनलाइन कक्षाएं, डिजिटल पुस्तकालय और एआई आधारित टूल्स ने ज्ञान की दुनिया को विद्यार्थी की हथेली तक पहुंचा दिया है। किसी भी विषय पर कुछ ही सेकंड में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कठिन विषयों को अलग-अलग तरीकों से समझाया जा सकता है और विद्यार्थी अपनी गति तथा रुचि के अनुसार सीख सकता है।लेकिन जानकारी या यूं कहें कि सूचना और शिक्षा में अंतर है। इंटरनेट या एआई जानकारी/सूचनाएं दे सकतें हैं, लेकिन उस जानकारी को ज्ञान में और ज्ञान को विवेक में बदलने की प्रक्रिया अभी भी मानवीय मार्गदर्शन की मांग करती है और यही शिक्षक की सबसे बड़ी ताकत है।आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जरूर हमारे पास मौजूद हैं,जो अनेकानेक प्रश्नों के उत्तर कुछ ही सैंकड्स में दे सकती है लेकिन यह भी सच है कि वह विद्यार्थी के मनोभावों के बारे में नहीं जान सकती।मतलब कि एआइ में वे भावनाएं नहीं हैं,जो शिक्षक में हैं। सरल शब्दों में कहें तो एआइ यह बता सकती है कि किसी समस्या का समाधान क्या है, लेकिन यह समझना कि विद्यार्थी उस समस्या से क्यों जूझ रहा है,एक शिक्षक ही इसे बेहतर ढंग से कर सकता है। एआई अनेक विकल्प प्रस्तुत कर सकता है, लेकिन उनमें से उचित विकल्प चुनने की क्षमता विकसित करना शिक्षक की जिम्मेदारी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य एक ऐसे मनुष्य का निर्माण करना है जो ज्ञानवान होने के साथ-साथ संवेदनशील, जिम्मेदार, अनुशासित, तार्किक और नैतिक भी हो। एआई तकनीकी दक्षता दे सकता है, लेकिन मानवीय संवेदना, सहानुभूति, चरित्र और संस्कार का निर्माण शिक्षक के सान्निध्य में ही अधिक प्रभावी ढंग से होता है।
शिक्षकों को तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना होगा:-
आज के शिक्षक के सामने चुनौती यह भी है कि उसे स्वयं तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना होगा। अब केवल विषय का विशेषज्ञ होना ही पर्याप्त नहीं है। शिक्षक को डिजिटल संसाधनों, ऑनलाइन शिक्षण, डेटा, साइबर सुरक्षा और एआई के बुनियादी स्वरूप को समझना होगा। उसे यह जानना होगा कि एआई को कक्षा में किस तरह उपयोगी बनाया जा सकता है और कहां उसकी सीमाएं हैं। एआई शिक्षक का प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि उसका सहायक बन सकता है। उदाहरण के लिए, एआई विद्यार्थियों के स्तर के अनुसार अभ्यास सामग्री तैयार करने, कठिन अवधारणाओं को अलग-अलग तरीकों से समझाने, प्रश्नपत्र तैयार करने, भाषा संबंधी सहायता देने और सीखने की कमजोरियों की पहचान करने में उपयोगी हो सकता है। इससे शिक्षक के पास विद्यार्थियों के साथ व्यक्तिगत संवाद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए अधिक समय उपलब्ध हो सकता है।
एआइ पर निर्भरता ठीक नहीं:-
आज के समय में एआई के बढ़ते इस्तेमाल के साथ कुछ गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।मसलन, विद्यार्थी यदि हर उत्तर के लिए एआई पर निर्भर होने लगें तो उनकी स्वतंत्र सोच और रचनात्मकता प्रभावित हो सकती है। गृहकार्य, निबंध और परियोजनाओं में बिना समझे एआई से सामग्री तैयार करवाना सीखने की मूल प्रक्रिया को कमजोर कर सकता है। एआई द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी में त्रुटियां या पक्षपात भी संभव हैं। इसलिए आज शिक्षक की एक नई भूमिका सामने आई है।विद्यार्थी को केवल एआई का उपयोग करना नहीं, बल्कि एआई का विवेकपूर्ण उपयोग करना सिखाना चाहिए और यह दायित्व भी कहीं न कहीं एक शिक्षक का ही है, क्यों कि एक शिक्षक ही विद्यार्थियों से ज्यादा जुड़ा रहता है। कहना ग़लत नहीं होगा कि आज शिक्षक और एआई मिलकर शिक्षा को कितना बेहतर बना सकते हैं। जिस शिक्षक के पास विषय का गहरा ज्ञान, मानवीय संवेदना और आधुनिक तकनीक की समझ होगी, वह आने वाली पीढ़ी को कहीं अधिक प्रभावी ढंग से तैयार कर सकेगा। आज बच्चों के सामने सूचनाओं की कमी नहीं, बल्कि सही सूचना चुनने की चुनौती है। सोशल मीडिया और इंटरनेट के दौर में तथ्य और भ्रम, सत्य और आधा-सत्य, ज्ञान और प्रचार के बीच अंतर करना कठिन होता जा रहा है। ऐसे समय में शिक्षक विद्यार्थी के लिए केवल विषय-विशेषज्ञ नहीं, बल्कि एक प्रकार का बौद्धिक मार्गदर्शक भी है। वह विद्यार्थी को प्रश्न पूछना, तर्क करना, प्रमाण तलाशना और निष्कर्ष तक पहुंचना सिखाता है। एक शिक्षक की भूमिका इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हर विद्यार्थी मशीन की तरह एक जैसा नहीं होता। किसी की सीखने की गति अलग होती है, किसी की रुचि अलग, किसी की पारिवारिक परिस्थिति अलग और किसी की प्रतिभा अलग। एक संवेदनशील शिक्षक विद्यार्थी की इन व्यक्तिगत विशेषताओं को पहचानकर उसके भीतर छिपी संभावनाओं को सामने ला सकता है। तकनीक सहायता कर सकती है, लेकिन विद्यार्थी के व्यक्तित्व को समझने और उसे प्रोत्साहित करने में शिक्षक का मानवीय स्पर्श अनमोल है। वास्तव में,आज आवश्यकता ऐसे शिक्षक की है जो परंपरा और तकनीक के बीच सेतु(ब्रिज) बन सके। जो विद्यार्थियों को पुस्तकों से भी जोड़े और डिजिटल दुनिया से भी; जो उन्हें एआई का उपयोग करना भी सिखाए और यह भी बताए कि हर उत्तर को आंख बंद करके स्वीकार नहीं किया जा सकता; जो तकनीकी दक्षता के साथ नैतिक जिम्मेदारी का बोध भी कराए।आज हर क्षेत्र में जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी, सैनिक, साहित्यकार, उद्यमी और जनप्रतिनिधि आदि में किसी न किसी शिक्षक की ही छाप दिखाई देती है। इसलिए शिक्षक केवल वर्तमान पीढ़ी को शिक्षित नहीं करता, वह आने वाले समाज की दिशा तय करता है।
परिवर्तनों के बीच भी बनी रहेगी शिक्षक की महत्ता:-
एआई आने वाले समय में शिक्षा की तस्वीर को और तेजी से बदल सकता है। संभव है कि आने वाले वर्षों में कक्षाएं अधिक व्यक्तिगत हों, पाठ्यक्रम अधिक लचीले हों और सीखने के तरीके अधिक तकनीक-आधारित हों। लेकिन इन परिवर्तनों के बीच शिक्षक की आवश्यकता समाप्त नहीं होगी। बल्कि शिक्षक को ज्ञान के स्रोत से आगे बढ़कर ज्ञान का मार्गदर्शक, तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग सिखाने वाला, प्रेरक और चरित्र-निर्माता बनना होगा। इस शिक्षक दिवस पर इसलिए शिक्षक को केवल इसलिए धन्यवाद देना पर्याप्त नहीं कि उसने हमें पढ़ाया। उसके प्रति सच्चा सम्मान यह होगा कि हम शिक्षा के बदलते स्वरूप को समझें और शिक्षक की नई भूमिका को स्वीकार करें। हमें यह याद रखना चाहिए कि मशीनें हमें सूचना दे सकती हैं, लेकिन मनुष्य को बेहतर मनुष्य बनाने का काम शिक्षक ही करता है। इसीलिए एआई के युग में शिक्षक अप्रासंगिक नहीं हुआ है; बल्कि उसकी भूमिका और अधिक गहरी, चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण हो गई है। आने वाले समय की श्रेष्ठ शिक्षा वही होगी, जहां तकनीक की शक्ति और शिक्षक की संवेदना साथ-साथ चलेंगी।



