मानव श्रृंखला बनाकर मतदाताओं को मतदान के लिए किया जागरूक

ram

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव में आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर द्वारा चलाये जा रहे ‘स्वीप’ (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. कॉलेज, एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महिला महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों तथा स्काउट मंडल मुख्यालय, स्काउट एवं गाइड, बनीपार्क के स्वयंसेवकों ने गुरुवार को रामबाग चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मतदान के लिए जागरूक किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने राहगीरों एवं आम नागरिकों से आगामी 9 एवं 11 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सहभागिता निभाने की अपील की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना राजस्थान के क्षेत्रीय निदेशक एस.पी. भटनागर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं एवं स्वयंसेवकों से कहा कि वे अपने परिजनों, रिश्तेदारों एवं मोहल्ले वालो के साथ-साथ मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। जिला स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा व जिला स्वीप समन्वयक एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंकित शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। महाविद्यालय प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी ने कहा कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा मानव श्रृंखला के माध्यम से दिया गया मतदान जागरूकता का संदेश समाज में सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न करेगा। कार्यक्रम में रेणु जिंदल, डॉ अनंत विजया सोनी, डॉ मुकेश शर्मा, डॉ. विशाल गौतम, डॉ. राकेश धाबाई, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक एवं स्काउट-गाइड स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *