नगर निकाय चुनाव 2026 : लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं को दिलाई मतदाता शपथ

ram

श्रीगंगानगर। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नव मतदाताओं को मतदान के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया एवं लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. शिवेंद्र सिंह पाल, नोडल अधिकारी डॉ. विक्रम परिहार, शिक्षक राधेश्याम एवं तृप्ति रानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सशक्त एवं पारदर्शी लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाताओं पर टिकी होती है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार का प्रयोग निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन तथा जाति, धर्म एवं संप्रदाय जैसे भेदभाव से ऊपर उठकर लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों पार्थ, आकृति, अमित एवं मोहित ने भी मतदान और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय मतदाता शपथ ली तथा लोकतंत्र की मजबूती एवं शत-प्रतिशत मतदान के लिए जन-जागरूकता का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *