शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत बगरू एवं दूदू में खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं सैम्पलिंग

ram

जयपुर। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बगरू एवं दूदू क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सघन निरीक्षण एवं सैम्पलिंग की कार्रवाई की गई। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, श्री अविचल चतुर्वेदी के आदेशों की पालना में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय, डॉ. मनीष मित्तल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों एवं उनके निर्माण परिसरों का निरीक्षण किया गया।

बगरू क्षेत्र में कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान दहमी कलां स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से जलेबी तथा शिव शक्ति स्वीट होम, बगरू से पनीर के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसके अतिरिक्त श्री सालासर कोटा कचौरी एंड नमकीन भंडार, बगरू पर निरीक्षण के दौरान लगभग 50 किलोग्राम मिल्क केक एवं लड्डू की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर नियमानुसार मौके पर नष्ट करवाए गए तथा संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए।

दूदू में भी हुई सैम्पलिंग
इसी क्रम में दूदू क्षेत्र में भी विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें अन्नपूर्णा जोधपुर स्वीट्स से मावा, अग्रवाल मिष्ठान भंडार से बेसन बर्फी एवं जोधपुर मिष्ठान भंडार से मोतीचूर के लड्डू के नमूने शामिल हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं संबंधित नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी सीजन के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए निरीक्षण एवं सैम्पलिंग की कार्रवाई निरंतर जारी है। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उक्त कार्रवाई में जयपुर द्वितीय के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता एवं मुकेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *