भवानीमंडी फॉलोअप शहरी सेवा शिविर में 62 पात्र परिवारों को मिले पट्टे

ram

झालावाड़। नगर पालिका भवानीमंडी में बुधवार को आयोजित फॉलोअप शहरी सेवा शिविर में पात्र परिवारों को उनकी भूमि का स्वामित्व अधिकार प्रदान करते हुए 62 पट्टों का वितरण किया गया। शिविर में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और डग विधायक कालूराम मेघवाल ने संयुक्त रूप से लाभार्थियों को पट्टे वितरित कर उन्हें स्वामित्व का अधिकार सौंपा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपनी भूमि का वैधानिक स्वामित्व प्राप्त होना केवल एक दस्तावेज मिलने भर की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह उसके सामाजिक सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य की स्थिरता से जुड़ा महत्वपूर्ण अधिकार है। पट्टा मिलने से परिवार को अपनी संपत्ति पर कानूनी अधिकार प्राप्त होता है, जिससे वह विभिन्न सरकारी योजनाओं, बैंक ऋण, आवास योजनाओं तथा अन्य विकासात्मक सुविधाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका के कार्यों में सबसे महत्वपूर्ण कार्य पात्र व्यक्तियों को उनकी भूमि का मालिकाना हक दिलाना है। राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति स्वामित्व अधिकार से वंचित न रहे। जिला प्रशासन इसी उद्देश्य के साथ लगातार अभियान चलाकर पट्टों का वितरण कर रहा है।

जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवानीमंडी क्षेत्र में प्रत्येक पात्र परिवार की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पट्टे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी योजना से वंचित है तो उसे चिन्हित कर तत्काल लाभान्वित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में आमजन के साथ खड़ा है और उनके हितों की रक्षा तथा विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र परिवार के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाना है।

इस अवसर पर डग विधायक कालूराम मेघवाल ने भवानीमंडी क्षेत्र में राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में करोड़ों रुपए के कार्य प्रगति पर है जिनमें पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के कार्य चल रहे हैं। इसके अतिरिक्त सड़क निर्माण, ओवरब्रिज एवं राजगढ़ योजना तथा आहू नदी से पीपलाद नदी तक पानी पहुंचाने का कार्य भी प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि मेला मैदान की बेशकीमती भूमि स्टेडियम निर्माण के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई गई है तथा उप जिला चिकित्सालय के लिए भी भूमि आवंटित की गई है। भवानीमंडी कृषि उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां बड़े पैमाने पर अनाज का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि भवानीमंडी शहर को आठ लेन सड़क से जोड़ने के कार्य को भी स्वीकृति मिल चुकी है और यह कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

बरसती बारिश में तिरंगे के साथ निकली विशाल तिरंगा रैली

शिविर के पश्चात हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भवानीमंडी में विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, महिलाओं और आमजन में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। डग विधायक कालूराम मेघवाल और जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर रैली में आमजन के साथ पैदल चले।

रैली के दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा” के गगनभेदी जयघोषों से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। बरसती बारिश के बीच तिरंगे के प्रति लोगों का सम्मान, उत्साह और समर्पण अभियान की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त कर रहा था।

डग विधायक एवं जिला कलेक्टर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संविधान के प्रति आस्था को मजबूत करना है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आजादी, बलिदान, गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभुदयाल मीणा, उपखंड अधिकारी श्रद्धा गोमे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर व पिंकी गुर्जर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, रंजीता पांडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *