नगर निगम सभागार भीलवाड़ा में “RUIDP संवाद” कार्यशाला आयोजित

ram

भीलवाड़ा| राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के *पंचम चरण* का शुभारंभ किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के 84 नगरीय निकायों की लगभग 1.25 करोड़ आबादी को लाभ मिलेगा। विश्व बैंक एवं एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से क्रियान्वित होने वाली इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 9500 करोड़ रुपये है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम सभागार, भीलवाड़ा में “RUIDP संवाद” कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पंचम चरण के तहत जिले के भीलवाड़ा शहर में 147.50 करोड़ एवं गुलाबपुरा में लगभग 27 करोड़ की लागत से किए जाने वाले प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देना तथा जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों से सुझाव प्राप्त कर परियोजना को अंतिम रूप देना था। RUIDP के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को तीन मुख्य अवधारणाओं पर आधारित किया गया है: अत्यधिक शहरीकृत क्षेत्रों का समन्वित विकास, प्रमुख शहरों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और प्रभावी जल व अपशिष्ट प्रबंधन। पंचम चरण में भीलवाड़ा सहित प्रदेश के 64 शहरों में सीवरेज के कार्य कराए जाएंगे। वहीं जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर एवं भरतपुर सहित 7 जिला मुख्यालयों में शहरी यातायात सुधार एवं “शहरी गतिशीलता समाधान” लागू किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को कुशल एवं सतत परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। 56 शहरों में *701 करोड़ रुपये* की लागत से कमांड एण्ड कंट्रोल सेंटर की स्थापना के साथ-साथ विरासत संरक्षण एवं पर्यटन संबंधी कार्य भी किए जाएंगे। औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए रीको एवं उद्योग विभाग के समन्वय से 870 करोड़ रुपये की लागत से सामान्य अपशिष्ट उपचार संयंत्र (CETP) स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त परियोजना में जल प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विरासत संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी के “7R” के सिद्धांतों – Rethink, Reduce, Reuse, Recycle, Repair, Refuse, Rethink – को भी विशेष महत्व दिया गया है। कार्यशाला में उपस्थित सभी हितधारकों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर ही भीलवाड़ा के लिए एक समावेशी एवं भविष्योन्मुखी विकास योजना तैयार की जाएगी, जिससे शहर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जा सके। इस दौरान शहर विधायक अशोक कोठारी ,सांसद प्रतिनिधि,ए डी एम(सिटी) श्रीमति प्रतिभा , राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना – जोधपुर से अति मुख्य अभियंता संजय माथुर , नगर निगम आयुक्त हेमाराम , जनप्रतिनिधि राकेश पाठक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण मौजूद रहे |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *