80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू, महात्मा ज्योतिबा फूले स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय समारोह

ram

बालोतरा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस इस वर्ष विशेष हर्षाेल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह महात्मा ज्योतिबा फूले स्टेडियम में आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ किया जाए। उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ सभी ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले समारोहों में कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां तत्काल प्रारंभ करने तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों का विशेष सम्मान सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह को अधिक आकर्षक और जनभागीदारी पूर्ण बनाने के लिए अधिकारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए।
बैठक में नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार ने समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले के सभी राजकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में प्रातः 8.30 बजे मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी देंगे। उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनें, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, लोकगीत एवं लोकनृत्य तथा मुख्य अतिथि का संबोधन प्रमुख आकर्षण होंगे। समारोह की तैयारियों के तहत 10 अगस्त तक शारीरिक योगाभ्यास एवं परेड का पूर्वाभ्यास जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में कराया जाएगा। इसके बाद 11 अगस्त से महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम में अभ्यास शुरू होगा, जबकि 13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी बुधाराम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *