बाढ़ नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ram

झालावाड़। अतिरिक्त जिला कलक्टर कमल सिंह यादव ने सोमवार रात्रि बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति के मद्देनज़र संचालित जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाओं, कार्मिकों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान द्वितीय पारी (दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक) में ड्यूटी पर नियुक्त युवराज सिंह, पीईईओ, राजकीय प्राथमिक विद्यालय खजूरीखुर्द, ब्लॉक झालरापाटन नियंत्रण कक्ष में अनुपस्थित पाए गए। जिस पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर कमल सिंह यादव ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी निर्धारित ड्यूटी के दौरान नियंत्रण कक्ष में नियमित रूप से उपस्थित रहें तथा किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान मानसून एवं संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए नियंत्रण कक्ष का सतत सक्रिय एवं व्यवस्थित संचालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियंत्रण कक्ष की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने, संचार माध्यमों को हर समय कार्यशील बनाए रखने तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *