राज्य होटल प्रबंधन संस्थान, झालावाड़ में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई

ram

झालावाड़। राज्य होटल प्रबंधन संस्थान, झालावाड़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। संस्थान के प्राचार्य (प्रभारी) महेश कुमार बैरवा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों सहित 31 जुलाई 2026 तक प्रवेश हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि संस्थान में फूड प्रोडक्शन, बेकरी एवं कन्फेक्शनरी, फूड एंड बेवरेज सर्विस, फ्रंट ऑफिस ऑपरेशन तथा हाउसकीपिंग ऑपरेशन विषयों में 1.5 वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

प्राचार्य ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के उपरांत पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 (सोमवार) प्रातः 11 बजे संस्थान परिसर में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने समस्त मूल दस्तावेज, दो सेट स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां तथा निर्धारित शुल्क के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि राज्य होटल प्रबंधन संस्थान, झालावाड़ भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित है तथा यह राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं केटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद, नोएडा से संबद्ध है। संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास सुविधा, अनुभवी संकाय सदस्यों का मार्गदर्शन तथा प्रतिष्ठित होटल उद्योगों में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

प्राचार्य ने क्षेत्र के 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों एवं युवाओं से समय रहते आवेदन कर आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बनाने के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संस्थान की वेबसाइट, ई-मेल अथवा हेल्पलाइन नम्बर 9829383057 के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *