ग्रामीण सेवा शिविर बने ग्रामीण विकास की नई पहचान, विभिन्न पंचायत समितियों में हजारों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

ram

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ मंजू ने बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “ग्रामीण सेवा शिविर-2026 (सेवा भी, समाधान भी)” के अंतर्गत जिले की विभिन्न पंचायत समितियों—बड़ीसादड़ी, डूंगला, कपासन, भूपालसागर, निम्बाहेड़ा सहित अन्य क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं। शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, परिवहन एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पात्र ग्रामीणों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण किया गया।
शिविरों में आवासीय एवं पुश्तैनी पट्टों का वितरण, स्वामित्व अधिकार प्रदान करना, जमाबंदी शुद्धिकरण, भूमि बंटवारे, नामांतरण एवं राजस्व विवादों का आपसी सहमति से समाधान जैसी महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। बड़ीसादड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पायरी में टीबी मरीज को निक्षय पोषण किट वितरित कर स्वास्थ्य सेवाओं को जनसहभागिता से जोड़ा गया, वहीं राजस्व संबंधी वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई गई।

डूंगला पंचायत समिति के भाटोली बागरियान एवं दुगार में आयोजित

शिविरों में प्राकृतिक खेती योजना के तहत 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, आपसी सहमति से भूमि बंटवारा तथा वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क रोडवेज यात्रा पास प्रदान किए गए। इन शिविरों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ त्वरित लाभ भी उपलब्ध कराया।

कपासन क्षेत्र में कृषि विभाग द्वारा किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान प्रदान किया गया, जिससे आधुनिक खेती को बढ़ावा मिला। वहीं पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के आवास का लाभ मिलने से उनका सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास का सपना साकार हुआ।

भूपालसागर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत ताणा में किसानों को मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत बैल जोड़ी पर 30 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत निःशुल्क पशु बीमा तथा पात्र लाभार्थियों को आवासीय पुश्तैनी पट्टे प्रदान किए गए। इन योजनाओं से किसानों एवं पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा एवं संबल मिला।

धमाणा क्षेत्र में कृषि विभाग द्वारा किसानों को रोटावेटर सहित कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया गया तथा ग्रामीणों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने का कार्य किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को पक्के आवास उपलब्ध होने से उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया।

निम्बाहेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बिनोता में वर्षों से लंबित आवासीय भूखंड के पट्टे का वितरण कर पात्र परिवार को स्वामित्व अधिकार प्रदान किया गया। पट्टा मिलने से लाभार्थी अब बैंक ऋण, बिजली-पानी कनेक्शन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।

इसी प्रकार रूद, पायरी, मानुपरा, कश्मोर, धमाणा, ताणा, बिनोता सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में राजस्व अभिलेखों का शुद्धिकरण, भूमि बंटवारे, आवासीय पट्टों का वितरण, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्र अनुदान, प्रधानमंत्री आवास योजना, निक्षय पोषण योजना, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क रोडवेज पास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों को मौके पर ही प्रदान किया गया।

ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अब विभिन्न विभागों के कार्य एक ही स्थान पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया से हो रहे हैं। इससे आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो रहा है तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। ग्रामीण सेवा शिविर में जनप्रतिनिधिगण ब्लॉक स्तरीय अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण जन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *