प्रदेशभर में एक माह तक चलेगा विशेष सड़क सुरक्षा अनुपालन एवं प्रवर्तन अभियान

ram

जयपुर। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राजस्थान में एक माह का विशेष सड़क सुरक्षा अनुपालन एवं प्रवर्तन अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा की प्रेरणा तथा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव हरीओम अत्री की पहल पर शुरू किया गया है। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त निरीक्षण टीमें विशेष रूप से स्लीपर एवं लग्जरी बसों का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान मोटर वाहन अधिनियम, एआईएस-119 (संशोधित-1), 2016 तथा राज्य सरकार द्वारा जारी एसओपी-2024 की पालना सुनिश्चित कराई जाएगी। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, जन-जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के अधिकार को सुदृढ़ करना है। अभियान के अंतर्गत नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार प्रवर्तन कार्रवाई भी की जाएगी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन एवं मीडिया से इस जनहित अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *