सीरिया की राजधानी दमिश्क में धमाका, फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के दौरे के दौरान होटल के पास हुआ विस्फोट

ram

दमिश्क। सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के दौरान एक जोरदार विस्फोट हुआ। यह धमाका उस होटल के नजदीक हुआ, जहां मैक्रों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक के बाद एक कई धमाकों की आवाजें सुनीं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घटनास्थल के आसपास धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। विस्फोट के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने होटल और आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से घेर लिया। कई प्रमुख सड़कों पर यातायात रोक दिया गया और सुरक्षा जांच तेज कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे किसी साजिश का हाथ है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद दमिश्क का दौरा करने वाले यूरोपीय संघ (EU) के पहले प्रमुख नेता हैं। ऐसे में उनके दौरे के दौरान हुआ यह धमाका सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *