विधानसभा अध्यक्ष की पहल, पंचशील मल्टीपर्पज स्टेडियम का नाम अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम,विधानसभा अध्यक्ष का अजमेर को तोहफा

ram

जयपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर अजमेरवासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की पहल पर अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) ने पंचशील विजयाराजे नगर के निकट निर्माणाधीन मल्टीपर्पज स्टेडियम का नामकरण ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने इस संबंध में पूर्व में एडीए को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश दिए थे।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय राजनीति, राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता के प्रखर पुरोधा थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना और अखंड भारत के संकल्प को समर्पित रहा। उनके नाम पर स्टेडियम का नामकरण उनके राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड के माध्यम से इस आधुनिक मल्टीपर्पज स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
अजमेर का एक विश्वस्तरीय बहुउद्देशीय आयोजन स्थल
श्री देवनानी ने कहा कि लगभग 80 हजार दर्शक क्षमता वाला यह स्टेडियम अजमेर शहर की सबसे महत्वपूर्ण खेल एवं सार्वजनिक अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल होगा। इसके निर्माण से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा अजमेर उत्तर क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत पटेल मैदान के विकास के बाद शहर में बड़े आयोजनों के लिए एक वैकल्पिक एवं आधुनिक मैदान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस स्टेडियम के निर्माण से यह आवश्यकता पूरी होगी और अजमेर को एक विश्वस्तरीय बहुउद्देशीय आयोजन स्थल प्राप्त होगा।
अजमेर की आयोजन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि इस परिसर में खेल प्रतियोगिताओं के साथ बड़े, सामाजिक, सांस्कृतिक व सार्वजनिक कार्यक्रमों का भी सुव्यवस्थित आयोजन किया जा सकेगा। इससे शहरवासियों को एक उत्कृष्ट सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी और अजमेर की आयोजन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करेगा।
स्टेडियम, अजमेर की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल एवं नागरिक सुविधाओं सहित सभी क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। यह स्टेडियम भी शहर की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *