जैसलमेर। ग्रामीण विकास को नई दिशा देने एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से विकसित भारत- जी राम जी योजना का गुरुवार को जैसलमेर जिले में जन सम्मेलन के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शुभारंभ किया गया। योजना के तहत जिले एवं ब्लॉक स्तर पर जन सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। पंचायत समिति जैसलमेर की ग्राम पंचायत रूपसी में आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मेलन में योजना का जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास की नई पहल के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रूपसी में पोषण वाटिका निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया कार्यक्रम में जिला कलक्टर जोरवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रश्मि रानी एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्थान से जैसलमेर जिले के नोडल अधिकारी एवं अधिशाषी अभियंता कीर्ति सिंह निर्वाण, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड कौशल पालीवाल, मौजूद रहे। अतिथियों ने विधिवत योजना का शुभारंभ किया एवं पोषण वाटिका निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
पोषण, पर्यावरण और विकास का दिया संदेश
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पोषण वाटिकाएं बच्चों एवं ग्रामीण परिवारों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जनभागीदारी से ही विकसित गांव और विकसित भारत का सपना होगा साकार
जिला कलक्टर जोरवाल ने जिला स्तरीय जन सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसी भी विकास योजना की सफलता तभी संभव है जब उसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी हो। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे विकास कार्यों की निगरानी करें, योजनाओं में सहभागिता निभाएं एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने गांव के सर्वांगीण विकास में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि इस नवीन रोजगार गारन्टी योजना में एक वर्ष में 125 दिवस का रोजगार ग्रामीणजनों को मिलेगा जिससे उनके आर्थिक स्तर में भी सुधार होगा एवं परिवार का संचालन भी सुचारु रुप से कर सकेगें। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इस योजना में रोजगार प्राप्त करें एवं ग्राम विकास में अपनी भागीदारी दर्ज करें।
318 विकास कार्यों से बदलेगी गांवों की तस्वीर
मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने ग्रामीणों को विकसित भारत जी-राम जी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत जिले में 318 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, जनसुविधाओं का विकास एवं सतत ग्रामीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने योजना के उद्देश्य, क्रियान्वयन प्रक्रिया एवं जनसहभागिता की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह, अच्छी संख्या में रही सहभागिता
जन सम्मेलन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। ग्रामीणों ने योजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गांवों के विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में विकास अधिकारी महेश सिंह राठौड़ एवं प्रशासक स्वरूप सिंह भाटी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



