नाबालिग बालिका से दुष्कर्म प्रकरण में जिला प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई, अलसुबह तीन होटलों पर चलाया बुलडोजर

ram

श्रीगंगानगर। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म प्रकरण में जिला प्रशासन ने बुधवार अलसुबह सख्त रुख अपनाते हुए तीन होटलों पर बुलडोजर चलाया। इन होटलों के नीचे संचालित हो रही अन्य दुकानों को गत दिवस ही खाली करवा लिया गया था। मौके पर जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने तीन होटलों पर बुलडोजर चलाकर स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला कलक्टर ने बताया कि बुधवार सुबह इस प्रकरण से जुड़े अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए होटल जॉय इन, होटल ड्रीम एवं होटल सैफीयर पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम गंगानगर नयन गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, सीओ सिटी विष्णु खत्री, कोतवाली थाना प्रभारी पृथ्वीपाल सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। साथ ही जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों का संचालन करने वाले होटल, गेस्ट हाउस तथा अन्य संस्थानों की नियमित जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन अथवा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों को सीज करने सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में पुलिस एवं प्रशासन का संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में जिला पुलिस ने भी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि 22 जून 2026 को सूचना प्राप्त होते ही पुलिस थाना सदर की टीम ने तत्काल कार्रवाई कर पीड़िता को सुरक्षित दस्तयाब किया। महिला थाना पुलिस द्वारा संवेदनशीलता के साथ काउंसलिंग करने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध अन्वेषण सेल) नीलम चौधरी के सुपरविजन में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। उप पुलिस अधीक्षक श्री कैलाशदान के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने जिला विशेष टीम, साइबर टीम, एफएसएल तथा विभिन्न थाना पुलिस के सहयोग से तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक होटल मालिक, दो होटल प्रबंधकों सहित कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभी तक प्रकरण में उक्त आरोपियों की भूमिका सामने आई है। साथ ही मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्रित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *