जयपुर में रिसॉर्ट की दीवार गिरी : तीन की मौत, 12 से ज्यादा घायल

ram

जयपुर। जयपुर में निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार अचानक गिर गई। वहां काम कर रहे कई मजदूर इसके मलबे में दब गए। दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई। 12 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। हादसा चंदवाजी थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित अरावली पैलेस रिसॉर्ट में सोमवार दोपहर 12:30 बजे हुआ।सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत निम्स हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक महिला का शव पोटली में लेकर गए। हादसे के समय 24 से ज्यादा मजदूर सीवरेज के गड्ढे को ठीक करने का काम कर रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

भाई की मौत, पानी पीने गई बहन की जान बची
बिहार के गयाजी निवासी ममता के भाई राम की हादसे में मौत हो गई। ममता ने बताया कि मेरा भाई सीमेंट के ब्लॉक लेकर जा रहा था, तभी दीवार गिर गई। वे मलबे में दब गए। हादसे के समय मैं पानी पीने के लिए गड्ढे से निकलकर ऊपर आ गई थी, जिससे जान बच गई।

सीमेंट के ब्लॉक लेकर जा रहे थे, तभी दीवार गिर गई
बिहार के गयाजी निवासी मजदूर ममता ने बताया- मेरे भाई राम काम कर रहे थे। वे सीमेंट के ब्लॉक लेकर जा रहे थे। तभी दीवार ढहने से वे मलबे में दब गए। गड्‌ढे में करीब 20 लोग दब गए। मैं पानी पीने ऊपर आ गई थी।

12 से अधिक घायल हॉस्पिटल में भर्ती
पुलिस ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष है। 12 से ज्यादा घायलों का इलाज निम्स हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच कर रही है।

24 से ज्यादा मजदूर कर रहे थे काम
हादसा जयपुर-दिल्ली हाईवे पर पंजाब होटल के सामने अरावली पैलेस रिसॉर्ट में हुआ। जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सीवरेज का काम चल रहा है।यहां 24 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। ज्यादातर मजदूर बिहार के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *