श्रीगंगानगर। जिला प्रशासन श्रीगंगानगर एवं जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत 3 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे राजकीय डिग्री कॉलेज, सादुलशहर से की जाएगी। यह अभियान आगामी दिनों में जिले की विभिन्न तहसीलों में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर कर खेल, शिक्षा और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना है। प्रशासन का मानना है कि नशा आज अनेक परिवारों के टूटने और युवाओं के भविष्य के अंधकारमय होने का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जागरूकता के लिए मनोरंजन, संस्कृति और प्रेरणा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम में लाफ्टर चैंपियन एवं प्रसिद्ध कॉमेडियन ख्याली सहारण (रूपनाथ) अपने विशेष मोटिवेशनल कॉमेडी शो के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश देंगे। उनके साथ राजस्थानी एवं बॉलीवुड शैली की चर्चित गायिका रश्मि अरोड़ा अपनी प्रस्तुति देंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सादुलशहर क्षेत्र के सभी नागरिकों, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों तथा युवाओं से परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन, एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। साथ ही स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।


