‘सशस्त्र बलों के प्रति लोगों का भरोसा कम कर रही कांग्रेस’, सेना का बलिदान छिपाने के आरोप पर BJP का पलटवार

ram

नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार को कांग्रेस पर झूठ फैलाकर और जनता में सशस्त्र बलों के प्रति भरोसा कम करके निचले स्तर की राजनीति करने का आरोप लगाया। इससे पहले कांग्रेस ने दावा किया था कि सरकार ने “आपरेशन सिंदूर” के दौरान सैन्य कर्मियों का बलिदान छिपाया और उसे स्वीकार नहीं किया। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस के आरोपों को सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने की मंशा से फैलाया गया झूठ करार दिया और कहा कि आपरेशन सिंदूर के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले छह सैन्य कर्मियों को देश के प्रति उनकी सेवा के लिए उचित सम्मान दिया गया और सार्वजनिक रूप से वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक दिन पहले सरकार पर “आपरेशन सिंदूर” के दौरान छह सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को छिपाने का आरोप लगाया था और संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का एक वीडियो भी दिखाया था। रक्षा मंत्रालय ने ऐसे दावों को खारिज किया है। पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का हमला भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति उसकी नफरत से प्रेरित है। कहा कि कांग्रेस किस हद तक गिर सकती है? कांग्रेस पार्टी भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी से नफरत करती है। यह बात सभी जानते हैं। लेकिन, भाजपा के प्रति अपनी नफरत में क्या वह (कांग्रेस) हमारी सेना से भी नफरत करने लगेगी? क्या वह लोगों के मन में हमारी सेना को लेकर शक पैदा करेगी? क्या वह चाहती है कि हमारी सेना में अंदरूनी समस्याएं हों और बगावत हो, ताकि पाकिस्तान और दूसरे दुश्मन देशों को फायदा मिल सके?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *