‘मन की बात’ देशवासियों के लिए प्रेरणा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम – पटेल

ram

जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और राजस्थान जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई ने रविवार को ग्राम पंचायत मोगड़ा कलां में ग्रामवासियों के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135 वीं कड़ी को सुना। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सुरक्षा, खेल उपलब्धियों, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय नौसेना में स्वदेशी युद्धपोतों के शामिल होने, सी-295 विमान की पहली उड़ान तथा डीआरडीओ की स्वदेशी क्रूज़ मिसाइल के सफल परीक्षण को आत्मनिर्भर भारत के बढ़ते सामर्थ्य का प्रतीक बताया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक सफलता और विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के बीच सोने की खरीद सीमित करने, कार-पूलिंग अपनाने, विदेश यात्राओं को टालने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपनी अपील पर देशवासियों द्वारा दिए गए सकारात्मक सहयोग की सराहना की और इसे जनभागीदारी की शक्ति का उदाहरण बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से अधिकाधिक लोगों को जुड़ने का आह्वान करते हुए इन्हें जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षा कवच बताया। नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में असम में ‘हरगिला’ पक्षी संरक्षण, नागालैंड की खेल पहलों, नालंदा विश्वविद्यालय की शास्त्रार्थ परंपरा, भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रसार, मेघालय के जीवित रूट ब्रिजों के संरक्षण तथा मध्य प्रदेश में प्लास्टिक कचरे से ईको-ब्रिक्स बनाने जैसी प्रेरणादायी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने आगामी गणेश उत्सव पर देशवासियों से स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए ‘कैच द रेन’ अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के उन अनाम नायकों को देश के सामने लाते हैं, जो निःस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा में जुटे हुए हैं। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, खेल, विज्ञान, संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर दिए गए संदेश प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *