जयपुर। पंजाब राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ के प्रशासक गुलाब चन्द कटारिया और राजस्थान विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में सुन्दर सिंह भण्डारी चेरिटेबल ट्रस्ट उदयपुर द्वारा आयोजित स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी एवं स्व. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर व्याख्यान माला एवं विशिष्ट जन सम्मान समारोह में शिरकत कर देशसेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।पंजाब राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ के प्रशासक गुलाब चन्द कटारिया ने स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी एवं स्व. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन तथा बहुमुखी व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी का जीवन राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा था। युवा पीढी को इनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति के प्रति संकल्पित भावना से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमें सब कुछ देता है, हमें भी जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की भूमि ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रही है। इसको आगे बढाते हुए हमें भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी एवं स्व. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के देशसेवा के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श, नैतिक मूल्य एवं राष्ट्रभक्ति आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्र की अखण्डता के विचार पर बल देते थे। इस विचार को स्व. भण्डारी ने आगे बढ़ाने के लिए निरन्तर कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन महापुरूषों के विचारों को आगे बढाते हुए वसुधेव कुटुम्बकम की भावना के साथ विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में अनवरत रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्र प्राचीन व शास्वत है तथा भारतीय ज्ञान परम्परा को आगे बढ़ाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में अतिथियों ने देशसेवा एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 वरिष्ठजनों को सम्मानित किया, जिसमें अलवर से तिलकराज गांधी एवं पं. धर्मवीर शर्मा, झालावाड़ से ताराचंद गोयल, ओमप्रकाश गुप्ता एवं बालचंद आर्यवीर, बीकानेर से सुरेन्द्र सिंह यादव एवं निर्मल कुमार बारडिया, झुंझुनूं से बनवारी लाल चेजारा एवं रामस्वरूप शर्मा, सीकर से हरदयाल वर्मा एवं भागीरथ चौधरी, मध्यप्रदेश से लोकेन्द्र सिंह राठौड, जयपुर से बिशन सिंह तंवर, उदयपुर से वैद्य लक्ष्मीनारायण जोशी, नागौर से प्रमिला शर्मा, राजसमंद से नारायण लाल उपाध्याय, गंगानगर से गौरीशंकर गुप्ता, पाली से लाल तथा भरतपुर से सुमन बंसल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कटारिया व देवनानी ने 19 वरिष्ठजनों का किया सम्मान युवा पीढ़ी संकल्पित भावना से करें कार्य – पंजाब राज्यपाल कटारिया
ram


