भीलवाड़ा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भीलवाड़ा शहर को आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ई-बस सेवा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना शहरी परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि आज जयपुर के लिए 29 तथा भीलवाड़ा के लिए 18 ई-बसों का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ई-बसों के डिपो निर्माण, इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं संचालन के लिए केंद्र सरकार द्वारा राजस्थान को निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है। डबल इंजन सरकार के कारण विकास कार्यों को गति मिली है और प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये बसें यात्रियों, विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा का माध्यम बनेंगी। बसों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह योजना राजस्थान में सफलतापूर्वक क्रियान्वित हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ई-बस सेवा नागरिकों के दैनिक जीवन को अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाएगी तथा प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, आधुनिक एवं बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला मुख्यालय पर नगर निगम परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चैधरी, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, राकेश पाठक, रामलाल योगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा भीलवाड़ा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे आमजन को किफायती, सुरक्षित एवं वातानुकूलित यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम होने से प्रदूषण में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
शहर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा का चयन देश के चुनिंदा शहरों में होना गौरव का विषय है। यह सेवा आधुनिक सुविधाओं से युक्त है तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराएगी। मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शी सोच के कारण भीलवाड़ा को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत भीलवाड़ा को 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। यह योजना शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करेगी तथा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देगी।



