संजय सिंह ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

ram

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। संजय सिंह ने पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि पार्टी की गोवा प्रदेश इकाई के सह-प्रभारी दीपक सिंगला और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। जिस मामले में कार्रवाई हो रही है, उसकी शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। उस मामले में जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। मुकदमे की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियां की जा रही हैं।

सिंह ने आरोप लगाया कि दीपक सिंगला के भाई रमन सिंगला, उनके रिश्तेदारों और पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं के यहां भी ईडी की ओर से छापेमारी की गई है।

सिंह ने कहा कि ईडी को पार्टी के शीर्ष नेताओं के खिलाफ कुछ नहीं मिला, इसलिए अब छोटे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है। सरकार ईडी का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्षी दलों पर दबाव बना रही है। ईडी के जरिए आआपा संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र कुमार जैन और स्वयं उन्हें जेल भेजा गया। जब जांच एजेंसियों को पार्टी नेताओं के खिलाफ ठोस सबूत नहीं मिला, तो अब छोटे नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *