नई दिल्ली। काठी रोल एक ऐसा स्ट्रीट फूड है, जो हर किसी को खूब पसंद आता है। कोलकत्ता की गलियों से शुरू हुई ये डिश आज पूरे देश में अपनी जगह बना चुकी है। वैसे तो इसे कई फ्लेवर्स और तरीकों से बनाया जाता है, लेकिन अगर आप वेजिटेरियन हैं, और प्लेन काठी रोल नहीं खाना चाहते, तो पनीर टिक्का काठी रोल ट्राई कर सकते हैं। पनीर के टुकड़े, क्रिस्पी रैप और तीखी हरी चटनी इसे काफी स्वादिष्ट बनाते हैं। आइए जानें घर पर पनीर टिक्का काठी रोल बनाने की रेसिपी।
पनीर टिक्का काठी रोल बहुत स्वादिष्ट होता है और इसे आसानी से घर पर बनाया जा सकता है।
कुल समय : 60 mins
तैयारी का समय : 20 mins
पकाने का समय :40 mins
कोर्स : Snacks
कैलोरी : 650
सर्विंग : 2 लोगों के लिए
व्यंजन : Indian
पनीर टिक्का काठी रोल बनाने के लिए सामग्री:
पनीर टिक्का मैरिनेशन के लिए-
पनीर- 200 ग्राम
गाढ़ा दही- 4 चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला और चाट मसाला- आधा-आधा छोटा चम्मच
कसूरी मेथी- 1 छोटा चम्मच
नींबू का रस- 1 चम्मच
सरसों का तेल- 1 बड़ा चम्मच
शिमला मिर्च और प्याज- 1 कप
रोल के पराठे के लिए-
मैदा या गेहूं का आटा- 1.5 कप
तेल या घी- 2 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
पानी- गूंथने के लिए
पुदीना और धनिया की चटनी
प्याज- लच्छेदार कटे हुए
चाट मसाला और नींबू का रस
मेयोनेज
पनीर टिक्का काठी रोल बनाने की विधि:
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में दही, सरसों का तेल, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च, गरम मसाला, चाट मसाला, कसूरी मेथी, नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब इसमें पनीर, शिमला मिर्च और प्याज के टुकड़े डालें। हल्के हाथों से मिलाएं, ताकि मसाला पनीर पर अच्छी तरह चढ़ जाए। इसे 20-30 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें।
अब एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा सा तेल या बटर गरम करें। मैरिनेट किए हुए पनीर और सब्जियों को पैन में डालें। इन्हें मध्यम-तेज आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि पनीर के किनारों पर हल्का सुनहरा या ग्रिल का रंग न आ जाए। आपका खुशबूदार पनीर टिक्का तैयार है।
इसके बाद आटे या मैदे में नमक और थोड़ा सा तेल मिलाकर नरम आटा गूंथ लें और 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
अब इसकी लोइयां बनाकर सूखा आटा लगाएं और पतली रोटी बेल लें। इस पर थोड़ा तेल लगाएं, पंखे की तरह परतें बनाएं और फिर से गोल लोई बनाकर बेल लें। इसे तवे पर दोनों तरफ से घी या तेल लगाकर क्रिस्पी होने तक सेक लें।
अब एक तैयार पराठे को प्लेट पर रखें। इसके बीच में एक सीधी लाइन में तैयार पनीर टिक्का और सिका हुआ प्याज-शिमला मिर्च रखें।
ऊपर से तीखी हरी चटनी डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से लच्छेदार कच्चे प्याज, चाट मसाला और थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ें।
पराठे को नीचे से थोड़ा मोड़ते हुए दोनों तरफ से टाइट रोल कर लें। इसे बटर पेपर या एल्युमिनियम फॉयल में लपेट दें ताकि खाते समय यह खुले नहीं।



