झालावाड़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 25 मई से 5 जून तक संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” में झालावाड़ जिले ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए पूरे राजस्थान में द्वितीय स्थान हासिल किया है। अभियान के दौरान जिले में कुल 43,668 आयोजन संपन्न हुए, जो जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बने।
जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के नेतृत्व में संचालित इस महाअभियान में जिले के सभी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा इन विषयों को जनआंदोलन का स्वरूप देना था।
अभियान के दौरान जिलेभर में जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण, श्रमदान, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, जनसंवाद तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया। गांव-गांव और शहर-शहर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।
जिले में अभियान की सफलता का आधार प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों का सामूहिक प्रयास रहा। व्यापक जनसहभागिता और प्रभावी क्रियान्वयन के बल पर झालावाड़ ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब प्रशासन और समाज मिलकर कार्य करते हैं तो जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय भी जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सकते हैं। झालावाड़ जिले की यह सफलता प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।


