राजस्थान में जमीनी स्तर के नवाचारों को मिलेगा नया मंच, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने आमंत्रित किए आवेदन

ram

जयपुर। राजस्थान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने राज्यभर के जमीनी स्तर के नवाचारों की पहचान, प्रलेखन एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से विभागीय वेबसाइट पर नवाचार आमंत्रण प्रक्रिया प्रारम्भ की है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव डॉ. आरूषि मलिक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समस्याओं के प्रभावी समाधान, आजीविका संवर्धन, सतत् विकास तथा समाज के समग्र कल्याण में योगदान देने वाले नवाचारों को पहचान प्रदान करना एवं उन्हें व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करना है। विभाग ने ऐसे नवप्रवर्तकों, किसानों, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामुदायिक संगठनों से अपने नवाचार प्रस्तुत करने का आग्रह किया है, जिन्होंने कोई अभिनव समाधान, तकनीक, उत्पाद, प्रक्रिया अथवा सर्वोत्तम कार्य-पद्धति का विकास किया है और जो समाज के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकती है। जमीनी स्तर पर विकसित नवाचार स्थानीय चुनौतियों का समाधान प्रदान करते हैं। साथ ही, राज्य एवं देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभाग ऐसे नवाचारों को उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इच्छुक प्रतिभागी अपने नवाचार का विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट https://www.dst.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध आवेदन प्रपत्र के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *