मैच की परिस्थितियों के हिसाब से खेलना जरूरी, हमने पंत को गेम बदलने के लिए नहीं बोला: गौतम गंभीर

ram

चंडीगढ़। ऋषभ पंत का बल्ला इन दिनों खामोश चल रहा है। आईपीएल 2026 में भी पंत कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए पंत को भारतीय टीम में जगह दी गई है। हेड कोच गौतम गंभीर का कहना है कि पंत को उनका खेलने का तरीका बदलने के लिए बिल्कुल भी नहीं कहा गया है। हालांकि, गंभीर ने कहा कि पंत को मैच की परिस्थितियों को देखकर बल्लेबाजी करने की जरूरत है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए गंभीर ने कहा, “हर खिलाड़ी को जज उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। जहां तक बात ऋषभ पंत की है, तो हम चाहते हैं कि वह वैसा ही खेले जैसा खेलते हैं। ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि हम चाहते हैं कि पंत अपने खेलने के तरीके को बदलें। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट में आपको परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी करनी पड़ती है। परिस्थितियों को पढ़ना और समझना बेहद जरूरी है कि उस वक्त टीम को आपसे कैसी बल्लेबाजी की जरूरत है। आपको परिस्थितियों को देखकर ही अपने शॉट्स खेलने होंगे।” हेड कोच ने आगे कहा, “हालांकि, ऐसा नहीं है कि किसी को बोला गया कि आप अपने नेचुरल गेम से हटकर बिल्कुल अलग तरह के खेलो। टेस्ट क्रिकेट हो या वनडे या फिर टी20, हर फॉर्मेट में रन बनाना और विकेट लेना ही असली मकसद है। उसे आप नहीं हट सकते हैं, वो आप चाहे जैसे भी बनाओ आपकी मर्जी है, लेकिन परिस्थिति को समझना काफी महत्वपूर्ण है।” ऋषभ पंत साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई घरेलू टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उनका प्रदर्शन दोनों ही टेस्ट मुकाबलों में निराशाजनक रहा था। हालांकि, इंग्लैंड दौरे पर पंत ने दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन चोट के चलते उन्हें बीच सीरीज से ही बाहर होना पड़ा था। पंत के पास अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट में अपनी खोई हुई फॉर्म को हासिल करने का शानदार मौका होगा। पंत अपने टेस्ट करियर का 50वां मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *