जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर सख्त रोकथाम के निर्देश दिए थे। इसकी पालना में आबकारी विभाग ने एक मई से 31 मई तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जिसे जबर्दस्त सफलता मिली है।आबकारी आयुक्त नमित मेहता के कुशल निर्देशन में चलाए गए अभियान में 3 करोड़ 93 लाख रूपए मूल्य की अन्य राज्यों की अंग्रेजी शराब जब्त की गई, 2046 अभियोग दर्ज कर 922 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश में 19 लाख 41 हजार 242 रूपए लागत की 7182 लीटर देशी मदिरा, 3 करोड़ 93 लाख 6 हजार 809 रूपए की 39219 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 44 लाख 40 हजार रूपए की 19806 लीटर बीयर, 13443 लीटर हथकड़ शराब व 30 लीटर स्प्रिट जब्त की गई है। 5 लाख 62 हजार 984 लीटर वाॅश नष्ट किया गया। अभियान में 15 बडे वाहन, 13 हल्के चार पहिया, 1 तिपहिया वाहन एवं 65 दुपहिया वाहन सहित 94 वाहन जब्त किए गए।
आबकारी आयुक्त का प्रभावी नेतृत्व
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने विशेष निरोधात्मक अभियान की नियमित माॅनिटरिंग करते हुए वीसी के माध्यम से प्रदेश की समस्त ईपीएफ टीम, जोन व जिला अधिकारियों को सजगता से गश्त, नाकाबंदी एवं दबिश के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। इस अभियान की जोन एवं जिलेवार प्रगति की दैनिक समीक्षा कर अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करते हुए स्थानीय पुलिस, रेलवे पुलिस का आवश्यकतानुसार सहयोग लेकर प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रेरित किया गया। इससे इस अभियान की सफलता सुनिश्चित हुई।
बड़े प्रकरणों में सख्त कार्रवाई
प्रदेश में आबकारी विभाग के निरोधात्मक अभियान के तहत उदयपुर में खेरवाड़ा के खांडी ओबरी टोल नाके के समीप ट्रक कंटेनर से 35 लाख रूपए फोर सेल चंडीगढ़ अंग्रेजी शराब जब्त की गई। हनुमानगढ़ में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर ट्रक से फोर सेल इन पंजाब अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रूपए है। जोधपुर के औसिया में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर ट्रक से अनुमानित 58 लाख रूपए की अंग्रेजी शराब जोधपुर एवं पाली की संयुक्त टीम द्वारा जब्त की गई। कोटा में नेशनल हाईवे 52, नया टोल प्लाजा गोपालपुरा के समीप दो अलग- अलग कार्रवाई में क्रमश: अनुमानित 60 एवं 70 लाख रूपए की अंग्रेजी शराब ट्रक से जब्त बरामद की गई। बाड़मेर के बालोतरा सर्किल में अमृतसर-जामनगर भारतमाला एक्सप्रेस वे पर ट्रक से अनुमानित 62 लाख रूपए की अंग्रेजी शराब बरामद कर प्रकरण दर्ज किया गया। इसी प्रकार दौसा में दिल्ली-मुम्बई एक्सपे्रस वे पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक से 50 लाख रूपए मूल्य की फोर सेल इन पंजाब अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसी क्रम में जालौर में भी एक मिनी ट्रक से अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की गई।

आबकारी विभाग की प्रभावी कार्रवाई— 5 लाख 62 हजार 984 लीटर वाॅश सहित शराब भट्टियां की नष्ट अवैध शराब की तस्करी में लिप्त 922 हुए गिरफ्तार – 2046 अभियोग दर्ज
ram


