जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने रविवार को अलवर में महावर धर्मशाला में आयोजित श्री गोविंद देव जी महाराज मंदिर प्रबंध समिति के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने नवगठित प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं समाज में एकता, संस्कार और सेवाभाव को मजबूत करने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि अलवर शहर के हृदयस्थल में भगवान गोविंद देव जी महाराज का करीब 170 वर्ष पुराना ऐतिहासिक मंदिर विराजमान है। उन्होंने कहा कि नई समिति मंदिर की परंपराओं, धार्मिक गतिविधियों तथा सामाजिक सरोकारों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि महावर जैन समाज ने सदैव सामाजिक समरसता, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं से संगठन की मजबूती और समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता सहित कार्यकारिणी सदस्य एवं आमजन उपस्थित रहे।

समाज में एकता, संस्कार और सेवाभाव को मजबूती देने में धार्मिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका – वनराज्य मंत्री
ram


